सोनभद्र/एबीएन न्यूज। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के कृष्णशिला क्षेत्र अंतर्गत ‘जागृति महिला समिति’ द्वारा सामाजिक सरोकारों की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए बालिकाओं के कौशल विकास हेतु 11 दिवसीय ‘आर्ट एवं क्राफ्ट कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला समिति की अध्यक्षा श्रीमती श्वेता सुमन के मार्गदर्शन में 7 जनवरी 2026 से 17 जनवरी 2026 तक आयोजित की गई, जिसमें जवाहर नगर स्थित अम्बेडकर स्कूल की 10 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यशाला के दौरान जागृति महिला समिति की अनुभवी सदस्यों ने छात्राओं को घरों में उपलब्ध अनुपयोगी वस्तुओं (वेस्ट मटीरियल) से आकर्षक एवं उपयोगी कलाकृतियाँ तैयार करने का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य बालिकाओं की रचनात्मक क्षमता को निखारने के साथ-साथ उन्हें कम लागत में स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना तथा भविष्य में आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना रहा।
छात्राओं का उत्साह बढ़ाने के लिए समिति द्वारा कार्यशाला के दौरान आवश्यक समस्त सामग्री जैसे रंग, ब्रश, गोंद, लेस, ऊन एवं अन्य साजो-सामान निःशुल्क उपलब्ध कराए गए। इसके अतिरिक्त प्रशिक्षण अवधि में प्रतिदिन पौष्टिक स्वल्पाहार की भी समुचित व्यवस्था की गई। कार्यशाला के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागी छात्राओं को उपहार स्वरूप वाटर बॉटल प्रदान कर उनका मनोबल बढ़ाया गया।
‘अभ्युदय मेला’ में सराही गई छात्राओं की रचनात्मकता
कार्यशाला में प्रशिक्षित छात्राओं द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों को 18 जनवरी 2026 को आयोजित ‘अभ्युदय मेला’ में जागृति महिला समिति के स्टॉल पर प्रदर्शित किया गया। मेले में पहुंचे आगंतुकों ने छात्राओं की रचनात्मक सोच, कला कौशल एवं उनके द्वारा निर्मित वस्तुओं की जमकर प्रशंसा की। यह पहल न केवल बालिकाओं के आत्मविश्वास को सशक्त करने वाली रही, बल्कि समाज में महिला सशक्तिकरण एवं कौशल विकास का एक प्रेरक उदाहरण भी बनी।
![]()












