दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। समेकित शिक्षा के अंतर्गत विशिष्ट आवश्यकता वाले दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए मंगलवार, 20 जनवरी 2026 को विकासखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी), दुद्धी में परिषदीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को शिक्षा में सहयोग प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान कुल 12 दिव्यांग बच्चों को ट्राई साइकिल एवं व्हीलचेयर प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त 4 मूक-बधिर बच्चों को हियरिंग एड, मानसिक दिव्यांग 4 बच्चों को एमआर किट, नेत्र दिव्यांग 4 बच्चों को वीआई किट, पूर्ण विकलांग 2 बच्चों को सीपी चेयर, चलने में असमर्थ 9 बच्चों को रोलेटर तथा एक पूर्ण रूप से नेत्रहीन बच्चे को स्मार्टमैन उपकरण उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी प्रेम शंकर राम ने कहा कि दिव्यांगता कोई अभिशाप नहीं है। आज के आधुनिक युग में नवीन तकनीकों और सहायक उपकरणों के माध्यम से दिव्यांग बच्चे भी सामान्य बच्चों की तरह जीवन जी सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे दिव्यांग बच्चों को शिक्षा से वंचित न रखें और नियमित रूप से विद्यालय भेजें।

वरिष्ठ शिक्षक शैलेश मोहन ने अभिभावकों से कहा कि वे अपने दिव्यांग बच्चों का मनोबल निरंतर बढ़ाते रहें, जिससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। उन्होंने यह भी बताया कि शासन द्वारा विभिन्न नौकरियों में दिव्यांगजनों के लिए विशेष आरक्षण की व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक अधिकारी (समेकित शिक्षा) प्रणति प्रभा सारंगी, एलिम्को टीम, विशेष अध्यापक जयप्रकाश, संदीप, दीपक चंद्र, ज्योति, अभिरुचि पाण्डेय एवं अखिलेश सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
![]()











