सोनभद्र/एबीएन न्यूज। विधायक खेल महाकुंभ के अवसर पर हाइडल मैदान में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में आज मंडल आयुक्त मीरजापुर श्री राजेश प्रकाश ने सहभागिता करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से सीधा संवाद किया, उनके खेल प्रदर्शन की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
मंडल आयुक्त श्री राजेश प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का साधन नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास करने और अपनी प्रतिभा को निखारते हुए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

विधायक खेल महाकुंभ के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न खेल विधाओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन स्थल पर खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का सकारात्मक माहौल बना रहा।

इस अवसर पर सदर विधायक श्री भूपेश चौबे, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री रमेश चंद्र, खेल प्रशिक्षक, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बनाने पर बल दिया।
![]()












