लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने शुक्रवार को अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) श्री भुवनेश सिंह एवं मंडल के समस्त शाखाधिकारियों के साथ गोमतीनगर स्टेशन पर चल रहे यात्री सुविधा विस्तार एवं स्टेशन विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा एवं संरक्षा की दृष्टि से गोमतीनगर स्थित कोचिंग डिपो/समाडि में किए जा रहे अनुरक्षण कार्यों का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने गोमतीनगर स्टेशन के प्रथम एवं द्वितीय प्रवेश द्वार की ओर विकसित किए जा रहे सरकुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म, फुट ओवर ब्रिज, रैम्प, दिव्यांगजन एवं सामान्य यात्रियों के लिए निर्मित शौचालय, पीपी शेल्टर, पार्किंग स्थल, एप्रोच रोड तथा खानपान सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने, सफाई व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत डीआरएम श्री गौरव अग्रवाल ने शाखाधिकारियों के साथ गोमतीनगर स्थित कोचिंग कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यार्ड, पिट लाइन एवं सिक लाइन का अवलोकन करते हुए कोचों के अनुरक्षण एवं रखरखाव से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी अनुरक्षण कार्यों को समयबद्ध ढंग से एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के लिए आवश्यक सुझाव और दिशा-निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय), वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (समाडि), वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/तृतीय, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/सामान्य, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/टीआरडी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, कोचिंग डिपो अधिकारी/लखनऊ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()












