लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दीक्षा चौधरी के नेतृत्व में आज पॉली क्लीनिक, ऐशबाग में एक ‘मल्टी परपज हेल्थ कैम्प’ का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों की नियमित जांच कर समय रहते बीमारियों की पहचान करना एवं उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान रेलवे के चिकित्सकों द्वारा कुल 52 कर्मचारियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत दंत रोग से ग्रसित 7, तंबाकू सेवन करने वाले 10, पूर्णतया मुंह न खुलने की समस्या से पीड़ित 3, हाइपरटेंशन से ग्रसित 10, मधुमेह से पीड़ित 2 तथा एनीमिया से प्रभावित 2 कर्मचारियों को चिन्हित किया गया।
दंत चिकित्सक डॉ. रुचिका किशोर ने मुंह न खुलने एवं सफेद धब्बे पाए जाने वाले रोगियों को गुटखा, पान एवं अन्य तंबाकू उत्पादों के सेवन से पूरी तरह परहेज करने की सलाह दी। साथ ही हाइपरटेंशन, तनाव एवं मधुमेह से ग्रसित कर्मचारियों को संतुलित आहार अपनाने, नियमित योग एवं व्यायाम करने का परामर्श दिया गया। चिकित्सकों ने कर्मचारियों को समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय तिवारी, वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजना पाटनी, वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. कुमार उमेश एवं दंत चिकित्सक डॉ. रुचिका किशोर सहित चिकित्सा विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()












