सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद में फार्मर रजिस्ट्री के कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले के प्रत्येक पात्र किसान का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत, कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर अभियान मोड में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुचारु एवं पारदर्शी ढंग से हो सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता, उदासीनता या लापरवाही पाई गई, तो संबंधित अधिकारी व कर्मचारी की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने लोढ़ी ग्राम पंचायत भवन में संचालित फार्मर रजिस्ट्री केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया, अभिलेखों एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। साथ ही मौके पर उपस्थित किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फार्मर रजिस्ट्री के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा कार्य को पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्री वागीश कुमार शुक्ला, जिला विकास अधिकारी श्री हेमंत कुमार सिंह, उपनिदेशक कृषि श्री वीरेंद्र कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीमती नमिता शरण, जिला पूर्ति अधिकारी श्री ध्रुव गुप्ता सहित कृषि विभाग, राजस्व विभाग एवं ग्राम पंचायत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()













