Last Updated:
कहते हैं प्यार हो जाए तो कुछ समझ नहीं आता. ये एक्ट्रेस उस वक्त बड़ी स्टार थीं, जबकि एक्टर बिल्कुल नए थे. दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो चिट्ठियों, बातचीत और लंबे इंतजार के जरिए प्यार में बदलती चली गई. करीब पांच साल तक इस रिश्ते को दुनिया से छुपाकर रखा गया और आखिरकार परिवार की सहमति से शादी कर ली. आज उनकी शादीशुदा जिंदगी तीन दशकों से ज्यादा समय पार कर चुकी है और यह जोड़ी आज भी सिनेमा प्रेमियों के लिए सच्चे प्यार की खूबसूरत मिसाल मानी जाती है. जानते हैं ये स्टार जोड़ी कौन सी है…
नई दिल्ली. फिल्मी दुनिया में अक्सर परदे पर दिखने वाली कहानियां ही दर्शकों को रोमांचित करती हैं, लेकिन कभी-कभी सितारों की असल जिंदगी की कहानी भी किसी सुपरहिट स्क्रिप्ट से कम नहीं होती. सिनेमा की ऐसी ही एक जोड़ी है, जिनकी लव स्टोरी आज भी मिसाल के तौर पर सुनाई जाती है. दिलचस्प बात यह है कि अपने करियर की शुरुआत में दोनों ने एक ही फिल्म में भाई-बहन का किरदार निभाया था. उसी साल आई दूसरी फिल्म में दोनों की जोड़ी प्रेमी-प्रेमिका के रूप में नजर आई और यहीं से रील लाइफ की केमिस्ट्री धीरे-धीरे रियल लाइफ के रिश्ते में बदल गई. जानते हैं वो जोड़ी कौन है…

ये लव स्टोरी साउथ सिनेमा की हिट लव स्टोरी है. इस जोड़ी की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री ने दर्शकों का दिल जीता और फिर रील लाइफ कहानी रियल लाइफ में भी सच साबित हुई. मलयालम और तमिल फिल्मों के मशहूर एक्टर जयराम और एक्ट्रेस पार्वती की प्रेम कहानी भी ऐसी ही एक खूबसूरत मिसाल मानी जाती है.

दिलचस्प बात यह है कि जयराम की पहली फिल्म में पार्वती उनकी बहन बनी थीं, लेकिन कुछ ही समय बाद वही एक्ट्रेस उनकी प्रेमिका और फिर असल जिंदगी में पत्नी बन गईं. 1980 के दशक के आखिर में जब जयराम फिल्म इंडस्ट्री में कदम रख रहे थे, तब पार्वती पहले से ही साउथ सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस थीं. वह करीब 80 फिल्मों में काम कर चुकी थीं और उन्हें ‘लेडी सुपरस्टार’ का दर्जा भी मिल चुका था.
Add News18 as
Preferred Source on Google

जयराम और पार्वती पहली बार 1988 में पद्मराजन निर्देशित मलयालम फिल्म ‘अपरन’ में साथ नजर आए, जहां दोनों ने भाई-बहन का किरदार निभाया. यही जयराम की डेब्यू फिल्म भी थी. उसी साल रिलीज हुई फिल्म ‘विटनेस’ में कहानी ने करवट ली और पार्वती जयराम की प्रेमिका के रोल में दिखीं. बताया जाता है कि इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं.

जयराम की मिमिक्री और ह्यूमर ने पार्वती को काफी प्रभावित किया. दोनों ने अपने रिश्ते को लंबे समय तक गुप्त रखा और चिट्ठियों व ऑडियो कैसेट के जरिए एक-दूसरे से जुड़ाव बनाए रखा. इस दौरान दोनों ने लगभग 12 फिल्मों में साथ काम किया और उनकी जोड़ी दर्शकों की पसंदीदा बन गई. करीब पांच साल तक सीक्रेट रिलेशनशिप में रहने के बाद जब दोनों ने शादी का फैसला लिया, तब उनके प्यार की खबर बाहर आई.

शुरुआत में पार्वती के परिवार की ओर से कुछ हिचकिचाहट जरूर रही, लेकिन जयराम की बढ़ती सफलता ने सबका भरोसा जीत लिया. आखिरकार 7 सितंबर 1992 को दोनों ने शादी कर ली. शादी के बाद पार्वती ने फिल्मों से दूरी बना ली और परिवार को प्राथमिकता दी, जबकि जयराम मलयालम के साथ-साथ तमिल सिनेमा में भी सक्रिय रहे.

आज इस कपल के दो बच्चे हैं बेटा कालिदास जयराम, जो साउथ इंडस्ट्री के उभरते एक्टर हैं और बेटी मालविका, जिनकी हाल ही में शादी हुई है. जहां फिल्म इंडस्ट्री में रिश्ते टूटने की खबरें आम हैं, वहीं जयराम और पार्वती की 30 साल पुरानी शादी आज भी मजबूत उदाहरण बनी हुई है.
![]()










