सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद में सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित सड़क सुरक्षा माह का समापन कार्यक्रम डायट परिसर में भव्य, अनुशासित एवं भक्ति भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रेरक संदेशों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आयोजित निबंध, चित्रकला, पोस्टर, भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी यदि सड़क सुरक्षा के नियमों को अपनाए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे, तो दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।

समापन समारोह में माननीय विधायक सदर श्री भूपेश चौबे, जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक माह का अभियान नहीं, बल्कि यह एक सतत प्रक्रिया और जिम्मेदार जीवनशैली है। यातायात नियमों का पालन कर ही स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

सड़क सुरक्षा माह के दौरान जनपद भर में विशेष जागरूकता अभियान चलाए गए, जिनमें हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रयोग, यातायात नियमों के पालन तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सड़क सुरक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और उसे दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प दोहराया गया।
![]()












