Last Updated:
Deepika Chikhalia Now : रामानंद सागर के कालजयी टीवी सीरियल ‘रामायण’ में मां सीता का रोल निभाने वाली दीपिका चिखलिया सुर्खियों में हैं. दीपिका चिखलिया ने हाल ही में कहा कि एक्टर अरुण गोविल को राम के अलावा किसी और किरदार में देखना उनके लिए थोड़ा अजीब है. वैसे तो दीपिका चिखलिया लाइम लाइट से दूर ही रहती हैं. उनकी लव स्टोरी भी किसी फिल्म की स्क्रिप्ट जैसी लगती है. एक बार उन्होंने अपने एक इंटरव्यू में यहां तक कह दिया था कि वो शादी नहीं करना चाहती थीं. इतना ही नहीं, एक्ट्रेस को हनीमून से पहले दिल्ली जाना पड़ा था. आइये जानते हैं दिलचस्प किस्सा……….
पहली नजर का प्यार सिर्फ फिल्मों में ही नहीं होता. एक्ट्रेस दीपिका चिखलिया के साथ भी ऐसा ही कुछ हुआ था. पहले तो वह शादी भी नहीं करना चाहती थीं, जब मुलाकात हुई तो सिर्फ दो घंटे में शादी का फैसला ले लिया. रामायण सीरियल से मिली पॉप्युलैरिटी ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया. इतना बड़ा स्टार जिसकी कल्पना उन्होंने सपनों में भी नहीं की थी. दीपिका ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर पति हेमंत टोपीवाला के साथ अपनी प्रेम कहानी भी शेयर की थी. दोनों की शादी 1991 में हुई थी. दीपिका हनीमून के लिए स्विटजरलैंड गई थीं लेकिन वहां पर जाने से पहले एक खास शर्त पूरी करनी पड़ी थी.

29 अप्रैल 1965 को जन्मी दीपिका चिखलिया के पिता का सपना था कि वो फिल्मों में नाम कमाएं. शुरुआत में उन्होंने गुजराती थिएटर किए. फिर सुन मेरी लैला (1983) और भगवान दादा (1986) जैसी फिल्मों में काम किया. उन्होंने रामायण से पहले 1985 में विक्रम और बेताल टीवी सीरियल में काम किया. इसके प्रोड्यूसर-डायरेक्टर रामानंद सागर ही थे. इसी शो में अरुण गोविल, सुनील लहरी, दारा सिंह काम करते थे. विक्रम और बेताल के कई शो में सुनील लहरी और दीपिका चिखलिया ने पति-पत्नी का भी रोल निभाया था.

रामानंद सागर ने जब रामायण बनाने का फैसला किया तो अरुण गोविल को राम के रोल के लिए, सुनील लहरी को लक्ष्मण और दीपिका चिखलिया को सीता के रोल के लिए फाइनल किया गया. यह आइकॉनिक शो 1987 में प्रसारित हुआ. तीनों चेहरे घर-घर में चर्चा का केंद्र बन गए. सबको यही लगता था कि अरुण गोविल-दीपिका चिखलिया पति-पत्नी हैं. दीपिका चिखलिया ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था कि लोग आज भी यही मानते हैं कि अरुण गोविल मेरे पति हैं. मेरे दो बेटे लव-कुश हैं जबकि हकीकत में ऐसा नहीं हैं. मेरे दो बेटियां हैं, बेटे नहीं. मेरे पति का नाम हेमंत टोपीवाला है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

शादी नहीं करने का मन बनाए हुए दीपिका ने हेमंत टोपीवाला संग सात फेरे कैसे ले लिए, इसका किस्सा भी दिलचस्प है. एक्ट्रेस ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘रामायण सीरियल के बाद मेरी मां शादी के लिए कहा करती थीं. वो मेरे पति हेमंत टोपीवाला को बहुत पसंद करती थीं. वो कहा करती थीं कि ये लड़का बहुत अच्छा है. इससे मुझे शादी करनी चाहिए. और मैं कभी भी शादी नहीं करना चाहती थी. मुझे लगता था कि करियर है. दो चीजें आप एकसाथ नहीं कर सकते. मेरी मां का बहुत मन था. वो कहती थीं कि तुम जल्दी शादी कर लो. सबकी शादियां हो रही हैं. मेरी मां की जिद थी. उन्होंने 28 अप्रैल को हेमंत के साथ मीटिंग करवाई. फिर मुझे भी लगा कि शादी कर लूं. एक्टिंग तो हो नहीं रही थी. 29 अप्रैल को मेरे बर्थडे पर रोका सेरेमनी हुई. उन दिनों मैं लोकसभा का चुनाव लड़ रही थी. मैं चुनाव जीत गई. 6 माह बाद मेरी शादी हो गई.’

हेमंत टोपीवाला के परिवार से रिश्ते को लेकर भी दीपिका ने अपने इंटरव्यू में चौंकाने वाला खुलासा किया. उन्होंने बताया, ‘मेरे पति हेमंत की सगी बहन की शादी मेरे कजिन से हुई थी. मेरे पति की बहन मेरी भाभी लगती थीं.’

दीपिका ने अपने हनीमून का भी दिलचस्प किस्सा शेयर किया था. उन्होंने बताया, ‘शादी के बाद हनीमून के लिए हम स्विटजरलैंड जाने वाले थे लेकिन उन दिनों संसद का सत्र चल रहा था. ऐसे में मैं पहले दिल्ली पहुंची. संसद में हाजिरी लगाई और फिर स्विटजरलैंड चली गई. मैंने राजनीति से संन्यास ले लिया. घर पर रहकर परिवार को समय देने का फैसला किया.’

दीपिका ने अपनी एक इंस्टाग्राम पोस्ट में बतायाथा कि हेमंत टोपीवाला से उनकी पहली मुलाकात 1983 में ‘सुन मेरी लैला’ फिल्म के सेट पर हुई थी. दीपिका के परिवार में रिश्तेदारी थी. 28 अप्रैल 1991 को परिवार ने दोनों की मुलाकात करवाई. मात्र दो घंटे की बातचीत में दीपिका ने अपना मन बना लिया. 29 अप्रैल को रोका हुआ और उसी साल बाद में शादी हो गई. दीपिका चिखलिया हेमंत टोपीवाला की दो बेटियां जूही और निधि हैं.

दीपिका के पति हेमंत टोपीवाला बिजनेस मैन हैं. उनका परिवार 1961 से श्रृंगार नाम से कॉस्मेटिक ब्यूटी प्रोडक्ट बनाता और बेचता है. श्रृंगार काजल भी हेमंत की कंपनी बनाती है. दीपिका चिखलिया ने डीसीटी (दीपिका चिखलिया टोपीवाला) के नाम से अपना प्रोडक्शन हाउस भी खोला है. प्रोडक्शन हाउस गुजराती सीरियल बनाता है. दीपिका ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि रामायण में उन्होंने जो साड़ी पहनी थी, वो अभी भी उनके पास है. उन्होंने इस साड़ी को प्रोडक्शन टीम से अपने लिए मांगा था.
![]()












