सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिला सतर्कता समिति की बैठक आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री बी0एन0 सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से संबंधित प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई और शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने समिति के सदस्यों को निर्देशित करते हुए कहा कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग से जुड़े मामलों में शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता पात्र लाभार्थियों को समय से सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि एससी-एसटी अधिनियम के अंतर्गत दर्ज सभी मुकदमों से संबंधित पात्र लाभार्थियों को देय सहायता राशि का भुगतान निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकरण में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लंबित मामलों की समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई करते हुए भुगतान प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए। साथ ही प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग किए जाने के निर्देश दिए गए, ताकि भुगतान की प्रगति पर सतत नजर रखी जा सके और पारदर्शिता बनी रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि भुगतान एवं प्रकरणों की प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत की जाए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 श्री वागीश कुमार शुक्ला, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी श्री सुधांशु शेखर शर्मा, अपर जिला सूचना अधिकारी श्री विनय कुमार सिंह, समिति के सदस्य सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()












