दुद्धी/सोनभद्र / एबीएन न्यूज। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में रविवार तड़के पुलिस और एक इनामिया आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। घायल अवस्था में उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बीते 1 जनवरी 2026 को गोवध से संबंधित एक मामले में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में सूरज चंद्रवंशी (22 वर्ष), पुत्र उदय चंद्रवंशी, निवासी घिवहीं, थाना विंढमगंज, फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
रविवार की भोर लगभग चार बजे कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि वांछित आरोपी खजूरी गांव से अमवार जाने वाले मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग अंडरपास के पास देखा गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पकड़ से बचने के लिए भागने का प्रयास किया, जिस दौरान मुठभेड़ की स्थिति बनी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

घायल आरोपी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीरता को देखते हुए जिला मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
घटना स्थल पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजेश कुमार राय, कोतवाल धर्मेंद्र कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कुँवर सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी हरिकेश राम आजाद सहित कोतवाली पुलिस की टीम मौजूद रही। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
![]()











