महोबा में भ्रष्टाचार के खिलाफ निषाद पार्टी ने हुंकार भरी है. जिला सह प्रभारी आशाराम निषाद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मत्स्य विभाग के अधिकारी और बिलखी समिति सचिव पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया. आरोप है कि नियमों को ताक पर रखकर अपनों को समिति में जोड़कर अनियमितताएं और धन का बंदरबांट किया जा रहा है. इस संबंध में जिलाधिकारी को 6 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया है.
निषाद पार्टी के जिला सह प्रभारी आशाराम निषाद की अगुवाई में कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट परिसर में जमकर नारेबाजी की. हाथों में झंडे और बैनर लेकर प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शनकारियों का सीधा निशाना मत्स्य विभाग के सहायक निदेशक राजेश सिंह और बिलखी समिति के सचिव महेश प्रसाद हैं.
‘शिकायत के बाद भी नहीं हो रही सुनवाई’
एसडीएम को सौंपे गए 6 सूत्रीय ज्ञापन में गंभीर आरोप लगाए गए हैं. मत्स्य जीवी सहकारी समिति बिलखी के सदस्यों का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से वे लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन भ्रष्टाचार की जड़ें इतनी गहरी हैं कि कोई सुनवाई नहीं हो रही.
बिलखी तालाब के शिकार में बंदरबांट का आरोप
आरोप है कि सहायक निदेशक और सचिव की मिलीभगत से बिलखी तालाब के शिकार में लाखों का बंदरबांट किया जा रहा है, जिससे अर्जित अवैध धन से संपत्तियां और वाहन खरीदे जा रहे हैं. नियमों की धज्जियां उड़ाने का आलम यह है कि एक ही राशन कार्ड में दर्ज पूरे परिवार को गुपचुप तरीके से समिति का सदस्य बना दिया गया, यहीं नहीं सचिव ने अपने नाते रिश्तेदारों और परिजनों को भी सदस्य बना लिया है जो नियमों के विरुद्ध है. इतना ही नहीं, चुनाव जीतने के लिए फर्जी तरीके से 23 नए सदस्य बढ़ाए गए हैं.
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब इस भ्रष्टाचार की शिकायत की गई, तो संबंधित अधिकारी द्वारा कार्रवाई के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई. प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि फर्जी बढ़ाए गए सदस्यों को हटाकर साल 2020 की मतदाता सूची के आधार पर समिति के निष्पक्ष चुनाव कराए जाएं.
योजना में गबन की जांच की मांग
इसके साथ ही पीएम और सीएम मत्स्य संपदा योजना में हुए लाखों के गबन की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों को सस्पेंड किया जाए. इस मौके पर पुरुषोत्तम, कस्सी, लाल दीवान, प्रेमचंद सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे, जिन्होंने साफ कर दिया है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन होगा.










