दुद्धी / सोनभद्र / एबीएन न्यूज। आगामी अलविदा, ईद तथा नवरात्र और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दुद्धी के महिला थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने की, जिसमें दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान मुस्लिम समुदाय की ओर से एडवोकेट सैफुल्ला सिद्दीकी ने बताया कि इस्लाम धर्म में सभी त्योहार चांद के दीदार के आधार पर मनाए जाते हैं, इसलिए अलविदा और ईद की नमाज की तिथि चांद दिखाई देने के बाद ही निर्धारित की जाती है।
दुद्धी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि त्योहार के दिन मुख्य मार्गों पर बड़ी और छोटी गाड़ियों के आवागमन को कुछ समय के लिए नियंत्रित किया जाएगा, ताकि नमाज और जुलूस के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की पूरी जिम्मेदारी रहेगी कि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराए जाएं।
वहीं जेबीएस के अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि ने आगामी नवरात्र के प्रथम दिन 19 मार्च को निकलने वाले जुलूस की जानकारी देते हुए उसके निर्धारित रूट के बारे में भी बताया।
बैठक के दौरान कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने पूर्व में त्योहारों के दौरान हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए लोगों को सतर्क रहने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। इस पर उपस्थित लोगों ने संतोष जताया और प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने दोनों समुदायों को आगामी त्योहारों की अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस और पीएसी के जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे तथा असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर बनी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अलविदा और ईद की नमाज अदा नहीं की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बैठक में एसआई श्यामजी सिंह यादव, सर्वेश सिंह दीवान सहित पुलिस विभाग के कई जवान मौजूद रहे। वहीं दुद्धी नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने कहा कि त्योहारों के दौरान नगर क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखा जाएगा।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, रविंद्र जायसवाल, भाजपा नेता सुरेंद्र अग्रहरि, पंकज जायसवाल, एडवोकेट सैफुल्लाह, लाला बाबू, फत्तेह मोहम्मद खान, कलीमुल्ला खान, राजकुमार अग्रहरि, डॉ. लवकुश प्रजापति, दीपक शाह, कमल कुमार कानू, तालिब अली शाह, एडवोकेट तबरेज आलम, सुरेंद्र जायसवाल, फकरुद्दीन प्रधान, आमेश सिंह सभासद, राकेश आजाद, शुभाष प्रधान, सलीम अंसारी, मोनू सिंह सभासद सहित दोनों समुदायों के दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
![]()












