लखनऊ/एबीएन न्यूज। भारत के रक्षामंत्री Rajnath Singh ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित City Montessori School के गोल्फ सिटी कैम्पस में नवनिर्मित मुख्य भवन, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और स्विमिंग पूल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से शहर की प्रमुख सड़क ‘स्टेशन रोड’ का नाम बदलकर स्वर्गीय शिक्षा द्रष्टा Jagdish Gandhi के सम्मान में ‘डा. जगदीश गांधी मार्ग’ करने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि यह केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि एक महान विचार के विस्तार का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि डॉ. जगदीश गांधी ने शिक्षा के माध्यम से समाज के रचनात्मक विकास का जो सपना देखा था, सीएमएस गोल्फ सिटी परिसर में विकसित नई शैक्षणिक सुविधाएं उसी सोच को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगी।
रक्षामंत्री ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान में अच्छी इमारतें, आधुनिक प्रयोगशालाएं और बेहतर तकनीकी सुविधाएं छात्रों को ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रेरित करती हैं, लेकिन उससे भी महत्वपूर्ण यह है कि विद्यार्थियों को यह सिखाया जाए कि वे अपने ज्ञान का उपयोग समाज और मानवता के कल्याण के लिए कैसे करें। उन्होंने कहा कि सीएमएस जैसे संस्थान जिम्मेदार नागरिकों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर सीएमएस की प्रबंधक Geeta Gandhi Kingdon ने कहा कि तेजी से बदलते वैश्विक परिवेश में शैक्षिक संस्थानों को निरंतर स्वयं को विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को ऐसा ज्ञान, मूल्य और दृष्टिकोण दिया जाना चाहिए, जिससे वे वैश्विक समुदाय से जुड़कर सकारात्मक योगदान दे सकें। सीएमएस गोल्फ सिटी में बने नए मुख्य भवन, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और स्विमिंग पूल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
समारोह के दौरान रक्षा मंत्री ने स्मारक शिलापट्ट का ऑनलाइन अनावरण भी किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री Brajesh Pathak, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, लखनऊ की महापौर Sushma Kharkwal तथा मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार Awanish Awasthi समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सीएमएस की संस्थापिका-निदेशिका Bharti Gandhi ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय अपने संस्थापक द्वारा स्थापित आदर्शों और शैक्षिक मिशन को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने लखनऊ नगर निगम का आभार व्यक्त किया, जिसने डॉ. जगदीश गांधी के योगदान को सम्मान देते हुए सड़क का नाम उनके नाम पर करने का निर्णय लिया।
समारोह के दौरान विद्यालय के छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक और शैक्षिक प्रस्तुतियां भी दीं। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों ने विद्यालय के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और समग्र शिक्षा व्यवस्था की सराहना की। सीएमएस गोल्फ सिटी की प्रधानाचार्या Reema Sethi ने कहा कि नई सुविधाओं से विद्यालय में शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायता प्राप्त होगी।
![]()











