भाजपा की ओर से आयोजित होली मिलन समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे भोजपुरी सुपरस्टार और गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन शुक्ला ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने बसपा संस्थापक कांशीराम को भारत रत्न देने की राहुल गांधी की मांग पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को 65 वर्षों तक दलित महापुरुषों की याद नहीं आई, लेकिन अब वजूद खत्म होता देख उन्हें नए नाम याद आ रहे हैं।
रवि किशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 के बाद देश को जो विराट स्वरूप दिया है, उसी का नतीजा है कि आज विपक्ष उन नामों को आगे ला रहा है जिन्हें उन्होंने दशकों तक नजरअंदाज किया। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि हमें खुशी है कि मोदी जी ने कांग्रेस को ऐसा सोचने पर मजबूर कर दिया है।
ईरान-इजरायल युद्ध के बीच देश में एलपीजी गैस की किल्लत की खबरों को सांसद ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने केंद्र सरकार का बचाव करते हुए कहा कि
विपक्ष एलपीजी को लेकर झूठी अफवाहें फैला रहा है। उपभोक्ताओं को पैनिक होने की जरूरत नहीं है, बुकिंग पर सिलिंडर मिल रहा है। पीएम मोदी ने उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। गैस की कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके पूर्व सर्किट हाउस पहुंचने पर गोरखपुर सांसद रविकिशन का जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर राजेश गोंड, विवेक मिश्रा, उमेश तिवारी, पवन मिश्रा, आनंद दुबे, संजय श्रीवास्तव आदि रहे।











