01:39 AM, 18-Mar-2026
सऊदी अरब ने ड्रोन हमले रोके
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि पूर्वी प्रांत में पिछले कुछ घंटों के दौरान सात ड्रोन इंटरसेप्ट और नष्ट किए गए। मंत्रालय ने इस बात की जानकारी एक्स प्लेटफॉर्म पर साझा की। यह कदम देश की सुरक्षा को मजबूत करने और नागरिक क्षेत्रों पर संभावित हमलों को रोकने के लिए उठाया गया है।
01:38 AM, 18-Mar-2026
UN चेतावनी: पश्चिम एशिया संघर्ष लंबा चला तो भूख संकट बढ़ सकता है
संयुक्त राष्ट्र की खाद्य एजेंसी ने चेतावनी दी है कि अगर पश्चिम एशिया में चल रहा युद्ध जून तक जारी रहता है, तो दुनिया भर में भूख का संकट और गहरा सकता है। वर्तमान में लगभग 31.9 करोड़ लोग गंभीर भूख का सामना कर रहे हैं। यदि संघर्ष बढ़ा, तो लगभग 4.5 करोड़ और लोग तीव्र भूख का शिकार हो सकते हैं।
एजेंसी ने कहा कि इस संघर्ष के कारण वैश्विक खाद्य आपूर्ति श्रृंखला बुरी तरह प्रभावित हो रही है। खाद्य और ईंधन की बढ़ती कीमतों से लाखों परिवारों के लिए रोजमर्रा का भोजन खरीदना मुश्किल हो सकता है, खासकर अफ्रीका और एशिया में। विशेषज्ञों के अनुसार, कोविड-19 महामारी और 2022 के यूक्रेन युद्ध के बाद यह सबसे बड़ा वैश्विक खाद्य संकट बन सकता है।
01:38 AM, 18-Mar-2026
IRGC की कड़ी चेतावनी
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने सुलेमानी की हत्या पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। संगठन ने चेतावनी दी कि वे अपने शहीद नेताओं के खून का बदला लेने से पीछे नहीं हटेंगे। IRGC ने कहा कि इन हत्याओं से ईरान की जनता और बसीज बल के जवानों का हौसला और मजबूत होगा और वे प्रतिरोध के रास्ते पर और दृढ़ता से आगे बढ़ेंगे।
01:35 AM, 18-Mar-2026
होर्मुज जलडमरूमध्य पर बढ़ती चिंता
ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति अब युद्ध से पहले जैसी नहीं रहेगी। हालांकि उन्होंने इस पर ज्यादा विस्तार नहीं दिया, लेकिन उनके बयान से क्षेत्र में लंबे समय तक तनाव बने रहने के संकेत मिलते हैं।
01:27 AM, 18-Mar-2026
बुशहर परमाणु संयंत्र के पास हमला
ईरान ने दावा किया है कि दक्षिणी हिस्से में स्थित बुशहर परमाणु संयंत्र के पास एक दुश्मन प्रोजेक्टाइल गिरा। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हमले में किसी तरह का जान-माल या तकनीकी नुकसान नहीं हुआ। ईरानी अधिकारियों ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि परमाणु ठिकानों पर हमला अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन है और इससे पूरे खाड़ी क्षेत्र में गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
01:20 AM, 18-Mar-2026
नेताओं की हत्या से नहीं डगमगाएगा सिस्टम- ईरान के विदेश मंत्री
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने साफ कहा है कि किसी एक या दो शीर्ष नेताओं की हत्या से देश की व्यवस्था पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि ईरान की राजनीतिक प्रणाली मजबूत संस्थाओं पर आधारित है, इसलिए किसी व्यक्ति के जाने से सिस्टम नहीं हिलता।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि देश के सर्वोच्च नेता की मौत के बाद भी व्यवस्था स्थिर बनी रही, जो इसकी मजबूती को दर्शाता है। वहीं, बसीज फोर्स के कमांडर गुलामरेजा सुलेमानी की मौत की पुष्टि ईरानी टीवी पर की जा चुकी है, जबकि अली लारीजानी को लेकर अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है
01:08 AM, 18-Mar-2026
ईरान में बसीज कमांडर गुलामरेजा सुलेमानी की मौत की पुष्टि
ईरान की न्यायपालिका से जुड़ी समाचार एजेंसी मिजान ने मंगलवार को रिवोल्यूशनरी गार्ड के स्वयंसेवी बसीज प्रमुख जनरल गुलामरेजा सुलेमानी की मौत की पुष्टि कर दी है। इस घटना ने पहले से जारी क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा दिया है। इससे पहले इस्राइल के रक्षा मंत्री ने दावा किया था कि सुलेमानी और ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारीजानी को एक रात पहले ही मार गिराया गया। हालांकि, ईरान ने अब तक लारीजानी की मौत की न तो पुष्टि की है और न ही खंडन किया है।
01:02 AM, 18-Mar-2026
West Asia Live: ईरानी विदेश मंत्री बोले- नेताओं की हत्या से सिस्टम नहीं डगमगाएगा; बुशहर परमाणु संयंत्र पर हमला
Israel Iran War News in Hindi Live: पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है। अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष 19वें दिन में और खतरनाक हो गया है। मिसाइल और ड्रोन हमले तेज हो चुके हैं, वहीं होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाज भी निशाने पर हैं। इस बीच, इस्राइल ने अली लारीजानी और बसीज कमांडर गुलामरेजा सुलेमानी को मारने का दावा किया, जिसकी ईरान ने पुष्टि की है। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स…











