Last Updated:
Feroz Khan Dharmatma Movie Unknown Facts : बॉलीवुड के सबसे स्टाइलिश एक्टर कहे जाने वाले फिरोज खान ने करीब 10 साल तक संघर्ष करने के बाद प्रोड्यूसर बनने का फैसला किया. उन्होंने हॉलीवुड की एक गैंगस्टर मूवी की कहानी को भारतीय दर्शकों के सामने पेश किया. फिल्म के लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज भी इस मूवी की चर्चा होती है. दो साल पहले 900 करोड़ी मूवी की कहानी भी फिरोज खान की फिल्म से बहुत हद तक इंस्पायर्ड थी. फिरोज खान ने इस फिल्म में दो-दो एक्ट्रेस के साथ ऑनस्क्रीन रोमांस किया. म्यूजिक-सिनेमेटोग्राफी सब कुछ बेमिसाल था. यह फिल्म कौन सी थी, आइये जानते हैं…….
बॉलीवुड के मोस्ट हैंडसम एक्शन हीरो फिरोज खान ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत ‘ऊंचे लोग’ (1965) से की थी. फिर आरजू (1965), आग (1967), सफर (1970), मेला (1971), अपराध (1972), खोटे सिक्के (1974) जैसी फिल्मों में सेकंड रोल किए. फिर आया साल 1975 जब फिरोज खान की एक फिल्म पर्दे पर आई. इस फिल्म ने उन्हें इंडस्ट्री में नई पहचान दी. फिल्म की कहानी गैंगस्टर पर बेस्ड थी. गाने ब्लॉकबस्टर थे. इस फिल्म में उन्होंने हेमा मालिनी और रेखा के साथ ऑनस्क्रीन रोमांस किया. हम ‘धर्मात्मा’ फिल्म की बात कर रहे हैं. आइये जानते हैं इस मूवी से जुड़े कुछ दिलचस्प फैक्ट्स…

साल 1975 की शुरुआत में ही अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘दीवार’ आई. फिर गर्मियों में 9 मई 1975 को बॉलीवुए के हैंडसम हीरो फिरोज खान की फिल्म ‘धर्मात्मा’ आई. फिल्म बिल्कुल मॉडर्न स्टाइल में थी. फिरोज खान के अलावा मूवी में हेमा मालिनी, रेखा, नाजिर हुसैन, प्रेमनाथ, इत्मियाज खान, फरीदा जलाल, रंजीत, डैनी डेन्जोंगपा, मदन पुरी, इफ्तिखार और दारा सितारों जैसे सितारे थे. धर्मात्मा एक थ्रिलर फिल्म थी. डायरेक्शन-प्रोडक्शन फिरोज खान ने ही किया था. यह बॉलीवुड की पहली फिल्म है जिसे अफगानिस्तान में फिल्माया गया था. म्यूजिक कल्याण जी – आनंद जी का था. गाने गीतकार इंदीवर ने लिखे थे.

फिल्म की कहनी 1972 में आई अमेरिकन फिल्म ‘द गॉडफादर’ से इंस्पायर्ड थी. वैसे ‘द गॉडफादर’ से इंस्पायर्ड होकर बॉलीवुड में ‘सत्या’ और ‘सरकार’ जैसी कई फिल्में बनाई गई हैं. फिरोज खान ने राइटर कौशल भारती को स्टोरी-स्क्रीनप्ले लिखने का जिम्मा सौंपा था. प्रेमनाथ ने गैंगस्टर धर्मात्मा का रोल निभाया था. फिरोज खान इस फिल्म की लोकेशन देखने के लिए अफगानिस्तान गए. वहां के राजा जाहिर शाह से फिल्म शूट करने की इजाजत दे दी.
Add News18 as
Preferred Source on Google

दिलचस्प बात यह है कि फिरोज खान ने गैंगस्टर धर्मात्मा के बेटे का रोल राजेश खन्ना को ऑफर किया था. वो खुद जंगूरा की भूमिका निभाना चाहते थे लेकिन बात नहीं बनी. फिर कहानी में बदलाव किया गया. फिरोज खान ने धर्मात्मा के बेटे का रोल निभाया और जंगूरा का रोल डैनी को मिला.

फिरोज खान इस फिल्म में हेमा मालिनी और रेखा के साथ ऑनस्क्रीन रोमांस करते नजर आए थे. हेमा मालिनी इस फिल्म में बहुत ही खूबसूरत नजर आईं. इतनी खूबसूरत शायद ही वो किसी और फिल्म में नजर आई हों. फिल्म के एक गाने ‘क्या खूब लगती हो’ में फिरोज खान हेमा मालिनी के साथ किसिंग सीन रखना चाहते थे लेकिन हेमा की मां जया चक्रवर्ती ने इसकी इजाजत नहीं दी. हेमा मालिनी का एक छोटा सा रोल था और लीड हीरोइन रेखा थीं लेकिन हेमा मालिनी लाइमलाइट चुरा ले गईं. हेमा मालिनी पर दो गाने ‘क्या खूब लगती हो’ और ‘तेरे चेहरे में वो जादू है’ फिल्माया गए थे.

फिरोज खान इस फिल्म में रेखा की जगह पहले जीनत अमान को लेना चाहते थे. जीनत अमान ने सपोर्टिंग रोल करने से इनकार कर दिया था. इससे फिरोज खान बहुत नाराज हुए. उन्होंने नशे की हालत में जीनत को फोन किया और खूब बुरा-भला कहा. जीनत अमान ने अपने एक पुराने इंटरव्यू में पूरा किस्सा बताया था.

धर्मात्मा से पहले गीतकार इंदीवर ने फिरोज खान को एक कविता सुनाई थी जिसकी शुरुआती लाइनें ‘तेरे चेहरे में वो जादू है…..’ थीं. फिरोज खान ने इस कविता को गाने में तब्दील करवाया. संगीतकार कल्याण जी – आनंद जी ने इसकी धुन तैयार की. यह गाना ब्लॉकबस्टर बनकर तैयार हुआ. किशोर कुमार ने बहुत ही शानदार अंदाज में गाकर इस गाने को अमर कर दिया.

फिल्म में हेमा मालिनी के कैरेक्टर की डेथ हो जाती है. कई डिस्ट्रीब्यूटर्स ने फिरोज खान से हेमा मालिनी के कैरेक्टर को जिंदा रखने और रेखा के कैरेक्टर को खत्म करने का सुझाव दिया. फिरोज खान फिल्म के बीच में शॉकिंग वैल्यू इंपैक्ट चाहते थे. उन्होंने डिस्ट्रीब्यूटर्स की बात मानने से इनकार कर दिया. फिरोज खान का दांव सही साबित हुआ. फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई.

धर्मात्मा फिल्म की कहानी का कुछ हिस्सा रनबीर कपूर की एनिमल मूवी में दिखाई देता है. एनिमल फिल्म में रनबीर कपूर को पता चलता है कि उसके जीजा ही उसके पिता को मारना चाहते हैं. ठीक ऐसा ही सीन ‘धर्मात्मा’ में देखने को मिलते हैं. फिरोज खान के पिता प्रेमनाथ ही गैंगस्टर थे. उनका मर्डर इम्तियाज खान ने करवाया था जो कि धर्मात्मा के दामाद थे. फिल्म के अंत में फिरोज खान को यह राज पता चलता है. वो अपने डॉन पिता के कातिल जीजा को मार देते हैं.
![]()










