राजधानी दिल्ली के करोल बाग इलाके में देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। झंडेवालान मंदिर के पास एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 23 अन्य घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस बस में तकरीबन 25 के आसपास यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार, यह भीषण दुर्घटना करोल बाग के हनुमान मंदिर चौक के पास हुई। देर रात दमकल विभाग को बस पलटने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर रवाना हो गईं। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को दिल्ली के करोल बाग इलाके के पास एक स्लीपर बस पलटने से दो यात्रियों की मौत हो गई और 23 अन्य घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में सुबह 1.10 बजे एक कॉल मिली, जिसके बाद दमकल के दो वाहनों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया और बचाव अभियान तत्काल शुरू कर दिया गया। घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अधिकारी ने बताया कि बस जयपुर से दिल्ली पहुंची थी।