सोनभद्र। जिला विकास अधिकारी श्री शेष नाथ चौहान को आज विकास भवन सभागार में जनपद सोनभद्र से संयुक्त आयुक्त मुख्यालय लखनऊ के रूप में स्थानान्तरण होेने पर भाव भीनी विदाई दी गयी। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री बी0एन0 सिंह ने उपस्थित अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण को सम्बोधित करते हुए कहा कि सरकारी सेवाओं में स्थानान्तरण एक सामान्य प्रक्रिया है। जो व्यक्ति सरकारी सेवाओं में आया है, वह समय-समय पर स्थानान्तरित होते हुए एक दिन सरकारी सेवा में एक-दूसरे स्थान पर जाता रहता है और सरकारी सेवाओं की अपनी एक सीमा है। जिला विकास अधिकारी का कार्यकाल जनपद सोनभद्र में काफी सराहनीय रहा है, इनके द्वारा जनपद में किये गये सराहनीय कार्यो को याद किया जायेगा। जिलाधिकारी ने कहा की जो अधिकारी काफी मेहनती और ईमानदार होते हैं, उनके स्थानान्तरण के फलस्वरूप बिदाई देते वक्त मन भावुक हो जाता है। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने कहा कि ऐसे ही कर्मठ एवं लगनशील अधिकारी के रूप में जिला विकास अधिकारी नेे सोनभद्र जिले में लगभग 04 वर्ष से अधिक बेहतरीन सेवा करते हुए स्थानान्तरित होकर संयुक्त आयुक्त मुख्यालय लखनऊ के पद पर जा रहे हैं।

इस दौरान जिला विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद सोनभद्र के कार्यकाल में काफी कुछ बातों को सीखने और समझने का अवसर प्राप्त हुआ। जिला प्रशासन के सहयोग से विभागीय कार्यों को बेहतर ढंग से सम्पन्न कराया गया। जनपद सोनभद्र हमारे लिए यादगार रहेगा, जनपद सोनभद्र का कार्यकाल मेरे सर्विस में काफी अच्छा कार्यकाल रहा है। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी, नव नियुक्त जिला विकास अधिकारी, डी0सी0 मनरेगा, डी0सी0 एनआरएलएम, जिला समाज कल्याण आशिकारी, सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने जिला विकास अधिकारी श्री शेष नाथ चौहान को माल्यार्पण कर स्मृतिचिन्ह भेंट किये और विदाई समारोह में विकास से जुड़े सभी अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा कार्यकाल में किये गए कार्यों की सराहना की गयी।