सोनभद्र/एबीएन न्यूज। विकास भवन स्थित जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में ग्राम विकास विभाग, एनआरएलएम (NRLM) एवं मनरेगा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रानी अहिल्याबाई होल्कर का जन्म शताब्दी दिवस अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री नंदलाल गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलन एवं गणेश प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा सिंह, ब्लॉक प्रमुख रावटसगंज श्री अजीत सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने रानी अहिल्याबाई के जीवन को प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि वह न केवल एक कुशल गृहिणी रहीं, बल्कि एक सफल उद्यमी और आदर्श प्रशासक के रूप में भी जानी जाती हैं। उन्होंने स्वयं साड़ी बुनकर स्वावलंबन की मिसाल पेश की, जिससे आज की महिलाएं प्रेरणा ले सकती हैं।

प्रेरणा और संघर्ष का प्रतीक रानी अहिल्याबाई:
कार्यक्रम में उपायुक्त स्वरोजगार श्रीमती सरिता सिंह ने रानी अहिल्याबाई के संघर्षों का उल्लेख करते हुए बताया कि अल्पायु में पति के निधन के बाद उन्होंने राज्य की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली और एक कुशल शासक के रूप में उभरीं। उन्होंने महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक कार्य किए और मंदिरों के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाई। भाजपा जिलाध्यक्ष श्री नंदलाल गुप्ता ने उनके द्वारा स्थापित सत्संग स्थलों और महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने मुस्लिम शासनकाल में भी धार्मिक कार्यों को निर्भीकता से संपन्न किया।

सम्मान एवं प्रदर्शन:
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कैडर, समूह सखी, बीसी सखी, बैंक सखी, मनरेगा महिला और केयर टेकर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों को ₹15 करोड़ के CCL (Cash Credit Limit) का डेमो चेक प्रदान किया गया। बैंक द्वारा ₹1.5 करोड़ के लोन का डेमो चेक भी महिलाओं को सौंपा गया। इस अवसर पर उपस्थित 500 से अधिक समूह की महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। 40 उत्कृष्ट महिलाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। महिला समूहों द्वारा लगाए गए उत्पाद स्टॉल का निरीक्षण मुख्य विकास अधिकारी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया। इन उत्पादों की बिक्री से समूहों को ₹5000 की आय हुई।

उपस्थित गणमान्य:
इस भव्य आयोजन में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री नंदलाल गुप्ता, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती पुष्पा सिंह, ब्लॉक प्रमुख श्री अजीत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित एनआरएलएम एवं मनरेगा के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।