गोरखपुर/एबीएन न्यूज। गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार के मोहनापुर इलाके में आज सुबह तेंदुए के दिखने से हड़कंप मच गया। भोर में करीब 3:59 बजे तेंदुआ कॉलोनी में टहलता हुआ दिखाई दिया। इसी दौरान सावन के तीसरे सोमवार पर मंदिर में पूजा करने जा रही एक महिला पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया।
हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहरी क्षेत्र में तेंदुए के आने और महिला पर हमला करने की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हमले के बाद तेंदुआ कहीं दिखाई नहीं दिया है। संभावना जताई जा रही है कि वह किसी सुनसान इलाके या खाली पड़े मकान में छुपा हो सकता है।
घटना की जानकारी मिलते ही शाहपुर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए की तलाश शुरू कर दी। वन विभाग की टीमें ड्रोन कैमरे और अन्य संसाधनों की मदद से उसकी लोकेशन पता लगाने का प्रयास कर रही हैं। फिलहाल इलाके में लोगों को सतर्क रहने और घरों से बाहर निकलने पर सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।