सोनभद्र/एबीएन न्यूज। चिकित्सा विभाग द्वारा मंगलवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, म्योरपुर और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बभनी में 09 से 14 वर्ष की आयु वर्ग की 50-50 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की दूसरी एवं अंतिम डोज लगाई गई। इस अभियान के तहत कुल 100 बालिकाओं को वैक्सीन दी गई।
गौरतलब है कि एचपीवी वैक्सीन की पहली डोज 29 जनवरी 2025 को लगाई गई थी। 06 माह के अंतराल के बाद आज दूसरी और अंतिम डोज दी गई। यह अभियान माननीय राज्यपाल महोदया उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार बिरला कार्बन (सीएसआर मद) के सौजन्य से संचालित किया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एचपीवी वायरस महिलाओं और बालिकाओं में गर्भाशय के मुख के कैंसर का मुख्य कारण है। इस घातक बीमारी से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन सबसे प्रभावी उपाय है। 09 से 14 वर्ष की बालिकाओं को 06 माह के अंतराल पर यह वैक्सीन दो डोज में दी जाती है। अधिकारियों ने बताया कि यह पहल बालिकाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। एचपीवी वैक्सीन से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम में मदद मिलती है।