लखनऊ/अयोध्या/एबीएन न्यूज। आज लखनऊ स्टेशन पर एक खास नजारा देखने को मिला, जब 03 अगस्त को भावनगर से रवाना होकर अयोध्या कैंट आने वाली 09201 भावनगर–अयोध्या कैंट एक्सप्रेस के आगमन पर यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया।

उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर गाड़ी के लोको पायलट को उत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री कुलदीप तिवारी एवं स्टेशन निदेशक लखनऊ श्री प्रशांत कुमार ने माल्यार्पण कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में स्काउट्स एवं गाइड्स के बच्चों ने अनुशासन और उत्साह के साथ वातावरण को गरिमामय बनाया। रेलवे के विभिन्न विभागों के पर्यवेक्षकगण और बड़ी संख्या में कर्मचारी भी इस मौके पर उपस्थित रहे।

जब ट्रेन अपने अंतिम गंतव्य अयोध्या कैंट स्टेशन पहुँची, तो वहाँ भी यात्रियों और क्रू मेंबर्स का पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया गया। उत्तर रेलवे के अधिकारियों, स्काउट्स एवं गाइड्स की उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर रेलवे कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
![]()












