ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को सुरक्षा कारणों के चलते मंगलवार (24 फरवरी) को कैनबरा स्थित उनके आधिकारिक आवास ‘द लॉज’ से बाहर निकाला गया. यह फैसला कैनबरा में बम की धमकी मिलने के बाद लिया गया. ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस (AFP) ने पूरे परिसर की गहनता से तलाश की. हालांकि यहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला. करीब 3 घंटे बाद पीएम एंथनी अल्बनीज को दोबारा आवास पर लौटने की अनुमति दे दी गई.
पीएम को सेफ जगह पर किया गया शिफ्ट
ऑस्ट्रेलियाई न्यूज एजेंसी एबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, धमकी मिलने के बाद प्रधानमंत्री को कई घंटों के लिए एक सुरक्षित जगह पर शिफ्ट किया गया. ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने बताया कि कैंपस की तीन घंटे तक गहन तलाशी के बाद आवास में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला. पुलिस ने साफ किया कि अब समुदाय या सार्वजनिक सुरक्षा को किसी भी तरह का कोई खतरा नहीं है.
ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस ने एक बयान में कहा कि लोकल समय के मुताबिक शाम करीब 6 बजे ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस (AFP) ने प्रधानमंत्री अल्बनीज को उनके कैनबरा आवास ‘द लॉज’से बाहर निकाला. परिसर की तलाशी ली गई लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला. जिसके बाद वह 9 बजे दोबारा आवास पर लौट आए.
प्रधानमंत्री ने सुरक्षा कर्मियों को दिया धन्यवाद
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एबीसी को बताया कि उन्हें पुलिस पर भरोसा है. प्रधानमंत्री कार्यालय ने सुरक्षा कर्मियों को उनके काम के लिए धन्यवाद भी दिया. बता दें कि संघीय सांसदों, संसद भवन और कुछ राष्ट्रमंडल भवनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस संभालती है.
ऑस्ट्रेलियाई विपक्षी नेता ने जताई राहत
ऑस्ट्रेलियाई विपक्षी नेता एंगस टेलर ने प्रधानमंत्री अल्बानीज के सुरक्षित होने पर राहत जताई. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, ‘यह जानकर खुशी हुई कि प्रधानमंत्री कैनबरा स्थित अपने आवास से सुरक्षित निकाले जाने के बाद सुरक्षित और स्वस्थ हैं.’ विपक्षी नेता ने आगे कहा, ‘किसी भी सांसद के खिलाफ धमकियां निंदनीय हैं.’ उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऑस्ट्रेलिया ऐसा देश है जो बहस के जरिए मतभेदों को व्यक्त करने पर बना है.’













