नई दिल्ली. ‘उदयपुर फाइल्स’ फिल्म भारी विरोध और कानूनी विवाद के बाद शुक्रवार यानी 8 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है. रिलीज के बाद प्रोड्यूसर अमित जानी ने दावा किया कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. शनिवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि उन्हें एक अज्ञात नंबर से लगातार कॉल्स आ रही हैं, जिसमें कॉलर उन्हें बम से उड़ा देने या गोली मारने की धमकी दे रहा है. प्रोड्यूसर का दावा है कि उन्हें गालियां भी दी जा रही हैं.
‘उदयपुर फाइल्स’ के प्रोड्यूसर अमित जानी ने यह भी कहा कि कॉलर ने अपना नाम तबरेज बताया, जो बिहार का निवासी है. उन्होंने पोस्ट में अधिकारियों से अपील की कि वह तबरेज के खिलाफ मामला दर्ज करें और उसे गिरफ्तार करें. अमित जानी ने पोस्ट करते हुए पीएमओ, उत्तर प्रदेश पुलिस, यूपी सरकार को भी टैग किया है.
प्रोड्यूसर को मिली Y कैटेगरी सुरक्षा
पिछले महीने केंद्र सरकार ने ‘उदयपुर फाइल्स’ के प्रोड्यूसर को दिल्ली और उत्तर प्रदेश में Y कैटेगरी की सिक्योरिटी दी थी. यह उस समय हुआ जब, सुप्रीम कोर्ट ने प्रोड्यूसर को पुलिस से संपर्क करने और जान का खतरे का दावा करते हुए सुरक्षा मांगने की अनुमति दी थी. Y कैटेगरी सुरक्षा में 8 से 11 कर्मियों की टीम होती है, जिसमें कमांडो भी शामिल होते हैं. वे व्यक्ति की 24 घंटे सुरक्षा करते हैं.
हाई कोर्ट से फिल्म की रिलीज को मंजूरी
दिल्ली हाई कोर्ट ने गुरुवार को ‘उदयपुर फाइल्स’ के रिलीज की अनुमति दी थी. इसे पहले मूवी 11 जुलाई को रिलीज किया जाना था, लेकिन सेंसरशिप और कानूनी समस्याओं के कारण फिल्म की रिलीज अटक गई गई थी. सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाई कोर्ट को सरकार की फिल्म की रिलीज पर मंजूरी के खिलाफ उठाए गए मुद्दों पर विचार करने का निर्देश दिया था.
साल 2022 में हुई कन्हैया लाल की हत्या
यह फिल्म साल 2022 में राजस्थान के उदयपुर में हुए कन्हैया लाल हत्या पर आधारित है, जिन्हें दो लोगों ने दिनदहाड़े उनकी दुकान में बेरहमी से हत्या कर दी थी. हत्या का कारण बताया गया कि कन्हैया लाल ने पूर्व बीजेपी सदस्य नुपुर शर्मा के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी के बाद उनके समर्थन में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था. नुपुर शर्मा ने निजी न्यूज चैनल पर एक डिबेट शो के दौरान पैगंबर मुहम्मद पर टिप्पणी की थी, जिसके बाद यह घटना हुई.
आरोपियों ने हत्या का वीडियो किया था रिकॉर्ड
2022 की पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, मुख्य आरोपी मोहम्मद रियाज अत्तारी और गौस मोहम्मद, कन्हैया लाल की दुकान में कपड़े सिलवाने के बहाने घुसे थे और फिर चाकू से हमला कर उनका गला रेत दिया. यहां तक कि उन्होंने हत्या का वीडियो रिकॉर्ड किया और फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था. इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था.
55 कट के साथ रिलीज हुई ‘उदयपुर फाइल्स’
बताते चलें कि ‘उदयपुर फाइल्स’ फिल्म का डायरेक्शन भरत एस. श्रीनेत और जयंत सिन्हा ने किया है. इसमें विजय राज ने कन्हैया लाल की भूमिका निभाई है. फिल्म में प्रीति झंगियानी और मुश्ताक खान भी अहम किरदारों में हैं. सेंट्रल बोर्ड ने 55 कट के साथ फिल्म की रिलीज को मंजूरी दी है.