बिहार के बेतिया जिले के जीएमसीएच में एक बार फिर लापरवाही और संवेदनहीनता का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने न केवल जिले में, बल्कि पूरे इलाके में आक्रोश और चर्चा का माहौल बना दिया है।
बताया जा रहा है कि बेतिया-नौतन रोड स्थित पालम सिटी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेजा। आरोप है कि अस्पताल कर्मियों ने शव को स्ट्रेचर या अन्य उचित साधन की जगह सीढ़ियों पर घसीटते हुए पोस्टमार्टम कक्ष तक पहुंचाया। यह शर्मनाक दृश्य मोबाइल कैमरे में कैद हो गया और कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
इस घटना ने जीएमसीएच की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक के प्रति इस तरह के अमानवीय व्यवहार ने स्थानीय लोगों की भावनाओं को गहराई से आहत किया है। लोगों का कहना है कि यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों की घोर अवहेलना है।
पढे़ं: बिहार प्रशासनिक प्रशिक्षण में नया मील का पत्थर, बिपार्ड गया जी कैंपस को मिला ISO सर्टिफिकेट
गौरतलब है कि बेतिया जीएमसीएच में कुव्यवस्था, संसाधनों की कमी और लापरवाही के मामले पहले भी कई बार सुर्खियों में आ चुके हैं। लेकिन इस बार मामला मृतक के सम्मान से जुड़ा है, जिसने अस्पताल प्रशासन की संवेदनहीनता को उजागर कर दिया है। अस्पताल प्रशासन ने इस पर फिलहाल कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है। वहीं, आमजन और सामाजिक संगठनों ने वरीय अधिकारियों से उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह है कि इस बार जिम्मेदारों पर गाज गिरती है या मामला फिर से ठंडे बस्ते में चला जाता है।











