Last Updated:
आज हम आपको ऐसे सुपरस्टार के बारे में बताते हैं, जो दान देने के मामले में नंबर 1 है. वह हर साल लोगों के कल्याण के लिए 30 करोड़ रुपये दान में देता है. हजारों बच्चों की मुफ्त में हार्ट सर्जरी करवा चुका है.

सिनेमा की दुनिया में रईस सुपरस्टार्स की भरमार है, जिनकी फीस सुनकर मेकर्स के होश उड़ जाते हैं. बॉलीवुड से लेकर साउथ तक कई अमीर एक्टर्स मौजूद हैं. अपनी फिल्मों की सफलता के आधार पर इन एक्टर्स की फीस भी करोड़ों में बढ़ती जाती है. मगर ऐसे कई सितारे भी हैं, जो अपनी कमाई का एक हिस्सा समाज के लिए खर्च करते हैं.

आपको जानकर हैरानी होगी कि एक सुपरस्टार हर साल 30 करोड़ रुपये से अधिक का दान देता है. वह तेलुगु सिनेमा के टॉप हीरो महेश बाबू हैं. वह साउथ भारत में सबसे ज्यादा दान देने वाले सुपरस्टार माने जाते हैं. बॉक्स ऑफिस पर कई हिट फिल्में देने वाले महेश बाबू ने कई गरीबों की जिंदगी बदली है.

महेश बाबू ने 40 से अधिक फिल्मों में काम किया है. वह एक प्रोड्यूसर भी हैं. महेश बाबू के दुनियाभर में फैंस हैं. प्यार से फैंस उन्हें ‘टॉलीवुड प्रिंस’ कहते हैं. फिल्मों के जरिए महेश बाबू करोड़ों रुपये कमाते हैं. इसलिए, हर साल वह 25 से 30 करोड़ रुपये गरीबों के लिए दान में दे देते हैं.

महेश बाबू कई स्वयंसेवी संगठनों के साथ जुड़े हुए हैं. वह रेनबो चिल्ड्रन हॉस्पिटल का संचालन करते हैं, जहां गरीब बच्चों को मुफ्त में मेडिकल सुविधाएं मिलती हैं और उनका इलाज होता है.

महेश बाबू फाउंडेशन के माध्यम से उन्होंने आंध्र प्रदेश के बुरिपालम और तेलंगाना के सिद्दापुरम गांवों को गोद लिया है और उनकी देखभाल कर रहे हैं. इसके अलावा, प्योर लिटिल हार्ट्स फाउंडेशन और रेनबो हार्ट इंस्टीट्यूशन के माध्यम से वह 1000 से अधिक गरीब बच्चों की मुफ्त में हार्ट सर्जरी करवा चुके हैं.

महेश बाबू की नेट वर्थ 135 करोड़ रुपये बताई जाती है. हैदराबाद में उनके पास 30 करोड़ रुपये का एक बंगला है. जुबली हिल्स में स्थित इस घर में लगभग सभी हाईटेक सुविधाएं हैं. महेश बाबू के पास 7 करोड़ रुपये की वैनिटी वैन है. उन्होंने इसे 2013 में रिलीज हुई ‘सीतम्मा वकिटलो सिरिमल्ले चेत्तु’ फिल्म की शूटिंग के दौरान खरीदा था.

साल 1979 में चाइल्ट आर्टिस्ट के तौर पर अपने करियर की शुरुआत करने वाले महेश बाबू ने एक दशक तक कई फिल्मों में छोटे-छोटे किरदार निभाए. 1999 में 24 साल की उम्र में वह लीड एक्टर बने. शुरुआत में महेश बाबू ने लगातार हिट फिल्में दीं. 2007 में उन्होंने तीन साल का ब्रेक लिया. इसके बाद ‘दूकुडु’ और ‘बिजनेस मैन’ जैसी हिट फिल्मों के साथ वापसी की.

अब महेश बाबू डायरेक्टर एसएस राजामौली के डायरेक्शन में बन रही फिल्म में काम कर रहे हैं. इसमें प्रियंका चोपड़ा भी लीड रोल में नजर आएंगी. वहीं, पृथ्वीराज सुकुमान भी फिल्म का हिस्सा होंगे. महेश बाबू की इस फिल्म का बजट 1000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है.
![]()










