कानपुर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में सोमवार सुबह पहुंची मायरा में अपना दाखिला स्कूल में कराने का अनुरोध किया। इसके बाद शाम तक उसका दाखिला कानपुर के एस्कार्ट्स वर्ल्ड स्कूल में हो गया। इस पर मायरा का परिवार सीएम की सहजता का कायल हो गया।
बता दें कि इससे पहले मुरादाबाद की वाची ने अपने दाखिले और गोरखपुर की पंखुड़ी ने फीस माफी को लेकर जनता दर्शन में सीएम से गुहार लगाई थी। जिसके बाद दोनों की समस्याएं भी दूर हो गई थीं।
कानपुर की मायरा अपनी मां नेहा के साथ जनता दर्शन में आई थी। उससे सीएम ने पूछा कि क्या बनना चाहती हो। मायरा ने कहा, डॉक्टर। यह सुन सीएम ने पहले उसे चॉकलेट दी, फिर अधिकारियों को दाखिला कराने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कानपुर के एस्कार्ट्स वर्ल्ड स्कूल से मायरा के दाखिले के बारे में जानकारी ली। शाम होने से स्कूल के प्रधानाचार्य सुधीर तिवारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी व शासन के अधिकारियों को दाखिला प्रक्रिया शुरू होने की सूचना दी।
सीएम ने हर फरियादियों की सुनीं समस्याएं
जनता दर्शन में प्रदेश भर से 50 से अधिक फरियादी आए। योगी ने उनकी समस्याएं सुनने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ितों की समस्याओं का समाधान करें और उनसे फीडबैक भी लिया जाए। अभिभावकों संग आए बच्चों से भी योगी मिले और हालचाल जानकार चॉकलेट भी दी। सीएम ने कहा कि हर नागरिक की समस्याओं का समाधान कर खुशहाल प्रदेश बनाना ही सरकार की प्राथमिकता है। जनता दर्शन में पुलिस, राजस्व, चिकित्सा सहायता, रोजगार, शिक्षा, आवास, कब्जा, परिवार आदि से जुड़े मामले आए थे। इनमें 15 मामले जमीन, 6 पुलिस से संबंधित, 4 मामले नाली, सड़क, खड़ंजा तथा 4 मामले आर्थिक सहायता से जुड़े आए थे। वहीं, लोगों ने बेटी की शिक्षा, स्थानांतरण, आवास आदि के लिए भी सीएम के समक्ष गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने सबको उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।











