लिस्बन में एक ट्राम (स्ट्रीटकार) पटरी से उतर गई। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। जबकि 18 लोग घायल हो गए। राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा ने घटना को लेकर दुख जताया। राष्ट्रीय चिकित्सा आपात स्थिति संस्थान ने बताया कि घायलों में से पांच की हालत गंभीर है। घायलों में विदेशी नागरिक और एक बच्चा भी शामिल हैं।
पुर्तगाली मीडिया के मुताबिक पीले और सफेद रंग की ट्राम संकरी सड़क पर पलट गई। इसके किनारे और ऊपरी हिस्सा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। करीब शाम छह बजे ट्राम सड़क के मोड़ पर एक इमारत से टकराई। । इसके बाद अनियंत्रित होकर पहाड़ी से नीचे गिर गई। लिस्बन के मेयर कार्लोस मोएदास ने बताया कि शहर शोक में डूबा हुआ है। यह एक दुखद दुर्घटना थी। यह ऐसी त्रासदी है जैसी हमने पहले कभी नहीं देखी। राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा ने प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
ये भी पढ़ें: कुर्सी से उठते ही तानाशाह की टीम करती है उसे साफ, किम जोंग से जुड़ी हर चीज पर ऐसी निगरानी क्यों?
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने एक्स पर लिखा, कि मुझे प्रसिद्ध एलिवेडोर दा ग्लोरिया के पटरी से उतरने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। पुर्तगाली सरकार ने एक बयान में कहा कि बचाव अभियान समाप्त होने के बाद कारणों की जांच शुरू की जाएगी।
ग्लोरिया नाम की स्ट्रीटकार का इस्तेमाल आमतौर पर लिस्बन के निवासी करते हैं। इस स्ट्रीटकार को एलिवेडोर दा ग्लोरिया के नाम से जाना जाता है। दो स्ट्रीटकारें एक-दूसरे के समानांतर चलती हैं और कुछ सौ मीटर (गज) तक एक घुमावदार, यातायात-मुक्त सड़क पर पहाड़ी पर ऊपर-नीचे चलती हैं। पिछले साल लिस्बन में लगभग 85 लाख पर्यटक आए थे। स्ट्रीटकार यहां एक लोकप्रिय आकर्षण है। इस छोटी सी सवारी के लिए आमतौर पर पर्यटकों की लंबी कतारें लग जाती हैं।