सिंगरौली/एबीएन न्यूज। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने अपने निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को सिंगरौली जिले में सामाजिक सरोकारों से जुड़ी दो महत्वपूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया। इन पहलों का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और बच्चों में स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) सिंगरौली में आयोजित कार्यक्रम में कुल 22 दिव्यांगजनों को सहयोगी उपकरण प्रदान किए गए। इनमें 08 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 03 व्हीलचेयर, 07 हियरिंग एड एवं 04 कृत्रिम अंग शामिल थे। इन उपकरणों से दिव्यांगजन सशक्त होकर आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर होंगे। इस मौके पर एनसीएल के महाप्रबंधक (सीएसआर) श्री राजीव रंजन, महाप्रबंधक (वित्त) श्री गुलशन कुमार नारंग, उप प्रबंधक (सीएसआर) श्री साजिद नसीम एवं रेडक्रॉस प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा, एनसीएल खड़िया क्षेत्र ने अंबेडकर नगर एवं खड़िया बस्ती के 306 बच्चों को सेफ्टी मेडिकल किट वितरित की। बच्चों को शरीर एवं आसपास के वातावरण की स्वच्छता का महत्व समझाया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। गौरतलब है कि एनसीएल कोयला उत्पादन के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। वित्तीय वर्ष 2024–25 में कंपनी ने सीएसआर के तहत स्थानीय समुदायों के विकास पर 192 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
![]()











