अपराह्न तीन बजे इस्लामिया मैदान की ओर माहौल खराब होने की सूचना पर पुलिस ने श्यामगंज में भीड़ को रोक दिया। यहां दबाव बढ़ा तो नौमहला मस्जिद से आए एक मौलाना ने मौलाना तौकीर रजा खां का संदेश सुनाया।
आईएमसी के पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम खान ने मौलाना तौकीर का हवाला देते हुए लोगों से घर जाने की अपील की। सूफी टोला के पार्षद मोहम्मद लईक ने भी मौलाना का संदेश जनता को दिया, लेकिन फल मंडी के पास भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया।
इसी हंगामे के बीच वहां पहुंचे एसएसपी अनुराग आर्य ने भी भीड़ से घर जाने के लिए कहा। इसके बावजूद भीड़ ने पुलिस पर हावी होने की कोशिश की। गाली-गलौज करते हुए खुराफाती आगे बढ़ने लगे। तब एसएसपी के निर्देश पर बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा गया।
मौलाना को बुलाने पर अड़े रहे उपद्रवी
आईएमसी नेता नदीम खां और अनीस के आने के बाद भीड़ लौटने लगी थी। इसी दौरान पुलिस की वीडियोग्राफी में कैद हुए चार लोगों ने भीड़ को दोबारा उकसा दिया। नतीजा, फल मंडी के पास भीड़ रुक गई। मौलाना तौकीर को बुलाने पर अड़ गई। समझाने पर दोबारा लोग लौटने लगे तो खुराफातियों ने नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते माहौल खराब हो गया।
![]()














