ओडिशा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां कटक शहर दुर्गा पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान दो गुटों के बीच झड़प और पत्थरबाजी हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि उपद्रवियों ने पुलिस पर भी हमला कर दिया। इस हिंसा में एक डीसीपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात को काबू में करने के लिए प्रशासन ने 24 घंटे के लिए मोबाइल डेटा और ब्रॉडबैंड सेवाएं बंद कर दी हैं।
बता दें कि ये पूरा मामला चार अक्तूबर की रात का है। जब एक बजे भुसानी टाइम पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का जुलूस निकल रहा था। तभी दो समुदायों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। बहस ने जल्द ही हिंसा का रूप ले लिया, और देखते ही देखते पत्थर और बोतलें चलने लगीं। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव की कोशिश की। लेकिन उपद्रवियों ने पुलिस पर भी हमला कर दिया, जिसमें डीसीपी ऋषिकेश खिल्लारी घायल हो गए। उनके अलावा कई पुलिसकर्मियों और आम लोगों को भी चोटें आईं।
ये भी पढ़ें:- बिहार चुनाव से पहले सियासी तपिश: मतदाता सूची से हटाए गए 23 लाख नाम? कांग्रेस के सख्त तेवर; फिर लगाए गंभीर आरोप
सोशल मीडिया पर रोक, इंटरनेट सेवाएं 24 घंटे के लिए बंद
वहीं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (ट्विटर) और अन्य इंटरनेट सेवाओं के इस्तेमाल पर अस्थायी रोक लगा दी है। जारी अधिसूचना के अनुसार यह रोक आज शाम सात बजे से कल शाम सात बजे तक लागू रहेगी। बता दें कि यह प्रतिबंध कट्टक म्युनिसिपल कॉरपोरेशन, कट्टक डेवलपमेंट अथॉरिटी (सीडीए) और 42 मौजा इलाके में प्रभावी रहेगा।
हालांकि राज्य सरकार का कहना है कि गलत सूचना, अफवाह और भड़काऊ सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए यह कदम जरूरी था। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए अधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है, और सोशल मीडिया की गतिविधियों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
अब तक छह लोगों की गिरफ्तारी
मामले में कटक के एडिशनल पुलिस कमिश्नर नरसिंह भोलो ने बताया कि 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और स्थिति अब नियंत्रण में है। शहर में अलर्ट जारी कर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस छतों पर भी नजर बनाए हुए है ताकि कोई नई घटना न हो।
स्थिति को देखते हुए ओडिशा सरकार ने 5 अक्टूबर की सुबह से अगले 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद करने का आदेश दिया। ये प्रतिबंध कटक म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन, कटक डेवलपमेंट अथॉरिटी और 42 मौजा इलाके में लागू है। जिलाधिकारी (डीएम) ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए भड़काऊ और अफवाह फैलाने वाले मैसेज वायरल हो रहे थे, जिससे तनाव और बढ़ सकता था। इसी कारण इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से रोकी गई है।
ये भी पढ़ें:- भूटान से आई चेतावनी: खाली कराएं डूअर्स का हिस्सा; टाला बांध के ऊपर से बह रहा पानी, टूटने का खतरा मंडराया











