लखनऊ/एबीएन न्यूज़। यात्रियों की सुविधा और स्टेशन पर आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक नई पहल के तहत आज दिनांक 08 अक्टूबर 2025 को बछरावाँ रेलवे स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट का शुभारंभ किया गया।
इस रेस्टोरेंट का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष, बछरावाँ श्री शिवेन्द्र सिंह एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, लखनऊ श्री कुलदीप तिवारी की विशेष उपस्थिति में विद्यालय की एक बालिका के करकमलों द्वारा किया गया, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
पुराने रेल कोच को आधुनिक रूप देकर तैयार किए गए इस रेल कोच रेस्टोरेंट को यात्रियों के लिए स्वच्छ, सुसज्जित, आरामदायक और आकर्षक स्थल के रूप में विकसित किया गया है। यहाँ यात्रियों को भारतीय, स्थानीय और विविध व्यंजन शुद्धता व स्वाद के साथ किफायती दरों पर उपलब्ध होंगे।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री कुलदीप तिवारी ने कहा — “उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। यह रेल कोच रेस्टोरेंट बछरावाँ स्टेशन की छवि को और निखारेगा तथा यात्रियों के यात्रा अनुभव को अधिक सुखद और यादगार बनाएगा।”

यह रेस्टोरेंट स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के पास स्थित है, जिससे यात्रियों के लिए इसकी पहुँच बेहद आसान है। इस पहल से यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर ही आधुनिक, स्वच्छ और आरामदायक वातावरण में उच्च गुणवत्ता वाला भोजन प्राप्त होगा।
उद्घाटन समारोह में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारिक संगठन के सदस्य, रेल यात्री और शहर के अनेक नागरिक उपस्थित रहे।
सभी ने इस नई सुविधा की सराहना करते हुए इसे शहर और यात्रियों के लिए एक स्वागतयोग्य और अभिनव पहल बताया।
![]()











