रिवाबा के बारे में जानिए
रिवाबा क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी हैं। दो नवंबर 1990 को रिवाबा का जन्म राजकोट में हुआ। पिता हरदेव सिंह सोलंकी और मां प्रफुल्लबा सोलंकी हैं। रिवाबा और रवींद्र जडेजा की एक बेटी है। रिवाबा ने 2006 में स्वामी विवेकानंद विद्यामंदिर से 10वीं, आत्मीय कॉलेज से 2011 में डिप्लोमा इन मैकेनिकल, 2015 में जीटीयू अहमदाबाद से बीई मैकेनिकल की पढ़ाई की है। रिवाबा को 2022 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जामनगर उत्तर विधानसभा सीट से टिकट दिया था। वह चुनाव भी जीत गईं और भाजपा की विधायक बनीं। रिवाबा जडेजा विधायक बनने से पहले से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम कर रही हैं। वह श्री मातृशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट नाम से एक एनजीओ भी चलाती हैं जो कमजोर महिलाओं की मदद करता है।
कितनी संपत्ति की मालकिन हैं रिवाबा?
रिवाबा के पास कुल 97 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। इनमें 75.18 करोड़ रुपये की चल तो 22 करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति शामिल है। रिवाबा के पास बड़े बंग्ले हैं। इसके अलावा करीब एक करोड़ रुपये के गहने हैं। इसमें सोना, चांदी, हीरे के गहने शामिल हैं। 2022 में विधानसभा चुनाव लड़ते वक्त चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में रिवाबा ने बताया था कि उनके पास कुल 34.80 लाख रुपये के सोने के गहने हैं। इसके अलावा 14.80 लाख रुपये के डायमंड और आठ लाख रुपये की सिल्वर ज्वैलरी है। रवींद्र के पास 23.43 लाख रुपये के सोने के गहने हैं।
कैसे मिले थे रिवाबा और रवींद्र?
रिवाबा और रवींद्र जडेजा की बहन नैना दोनों दोस्त थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2015 में एक बार नैना और रिवाबा घर पहुंचे तो रवींद्र भी मौजूद थे। ये रवींद्र और रिवाबा की पहली मुलाकात थी। नैना ने दोनों को एक-दूसरे से मिलवाया था। पहली मुलाकात में ही रवींद्र अपना दिल रिवाबा को दे बैठे थे। फिर क्या था… चट मंगनी और पट ब्याह। मुलाकात के करीब तीन महीने बाद ही दोनों की सगाई भी हो गई। दोनों ने जल्द ही शादी कर ली। शादी के एक साल बाद ही रिवाबा ने एक बेटी को जन्म दिया। बेटी का नाम निध्याना रखा है।
![]()















