लखनऊ/एबीएन न्यूज। छठ महापर्व के अवसर पर यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 46 विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। ये सभी ट्रेनें लखनऊ मंडल के विभिन्न स्टेशनों से होकर गुजरेंगी और देश के प्रमुख शहरों तक यात्रियों को पहुँचाने में सहायक होंगी। इन ट्रेनों का संचालन 28 अक्टूबर 2025 से किया जा रहा है। इनमें से सर्वाधिक ट्रेनें बिहार, झारखंड और पूर्वी भारत की दिशा में चलाई जा रही हैं। कुल 46 विशेष ट्रेनों में से 20 ट्रेनें बिहार के लिए संचालित होंगी, जो पटना, दरभंगा, समस्तीपुर, भागलपुर, सहरसा, मुजफ्फरपुर, आरा, छपरा, हाजीपुर और बक्सर जैसे प्रमुख स्टेशनों को जोड़ेगीं।
इसके अलावा, शेष ट्रेनों का संचालन कोलकाता, हावड़ा, दिल्ली, जयपुर, गुजरात (अहमदाबाद, सूरत) और मुंबई जैसी महत्वपूर्ण दिशाओं में किया जाएगा, जिससे यात्रियों को देश के प्रमुख महानगरों तक निर्बाध यात्रा की सुविधा मिलेगी। रेलवे प्रशासन ने बताया कि ट्रेनों के समय, मार्ग और ठहराव की विस्तृत जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट एवं स्टेशन सूचना पटलों पर उपलब्ध कराई गई है। इन ट्रेनों का संचालन लखनऊ, वाराणसी, बाराबंकी, अयोध्या कैंट, सुलतानपुर, प्रतापगढ़, शाहगंज, रायबरेली और उन्नाव जैसे प्रमुख स्टेशनों से किया जाएगा।
लखनऊ मंडल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ से बचने के लिए अपनी यात्रा की अग्रिम योजना बनाएं, वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और स्टेशन पर साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग दें। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और आराम सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाएँ पूरी कर ली गई हैं। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और समयबद्ध यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
![]()











