बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। आम आदमी पार्टी यूथ विंग के प्रदेश महासचिव अंकित परिहार की अनुशंसा पर सोनभद्र जिले के यूथ विंग जिलाध्यक्ष के रूप में शुभम् मिश्रा की नियुक्ति की गई है। उनके संघर्षशील व्यक्तित्व, संगठन के प्रति समर्पण और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए यह जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई।
प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश चौरसिया, प्रदेश सचिव राकेश भारतीय तथा वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट संतोष त्यागी ने औपचारिक घोषणा करते हुए शुभम् मिश्रा को मनोनीत किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष (यूथ विंग) पंकज अवाना के नेतृत्व में गठित नई कार्यकारिणी ने उन्हें बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में सोनभद्र जिले में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।
शुभम् मिश्रा इससे पूर्व पार्टी में जिला उपाध्यक्ष और विधानसभा सचिव के रूप में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। उनके कार्यकाल में सोनभद्र जिले में संगठन का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। वे लगातार विस्थापितों के अधिकार, भ्रष्टाचार विरोध, युवा बेरोजगारी और सामाजिक न्याय जैसे जनहित के मुद्दों पर मुखर रहे हैं। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि शुभम् मिश्रा के नेतृत्व में यूथ विंग जिले में नई ऊर्जा और दिशा प्राप्त करेगा।
![]()












