लखनऊ//एबीएन न्यूज़। आर.डी.एस.ओ. में 27 अक्टूबर से शुरू हुआ सतर्कता जागरूकता सप्ताह बड़े उत्साह और ऊर्जा के साथ मनाया जा रहा है। यह सप्ताह हर वर्ष उस सप्ताह में आयोजित किया जाता है, जिसमें भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल जी का जन्म दिवस पड़ता है। इस वर्ष केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) द्वारा सप्ताह का विषय “सतर्कता : हमारी साझा जिम्मेदारी” निर्धारित किया गया है।
इसी क्रम में आज 30 अक्टूबर 2025 को आरडीएसओ में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सतर्कता के महत्व को रेखांकित किया गया तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री उदय बोरवणकर, महानिदेशक/आरडीएसओ एवं महाप्रबंधक/पूर्वोत्तर रेलवे ने की। उन्होंने अपने संबोधन में संगठनात्मक ढांचे में सतर्कता की अहम भूमिका पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों से अपने कार्यों में पारदर्शिता, निष्ठा, परिश्रम और सूक्ष्मता का पालन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने “जागृति” नामक विशेष सतर्कता बुलेटिन का विमोचन किया, जिसमें प्रणाली सुधार, विक्रेता पंजीकरण के दिशानिर्देश और महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्देशों का संकलन किया गया है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. बी. डी. पॉलसन (IPS), अतिरिक्त महानिदेशक, उत्तर प्रदेश पुलिस रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में भ्रष्टाचार उन्मूलन में नागरिकों एवं सरकारी अधिकारियों की साझी जिम्मेदारी पर बल दिया। वहीं, श्री टी.ए.अंसारी, मुख्य सतर्कता अधिकारी/आरडीएसओ ने बताया कि समय के साथ सतर्कता की अवधारणा विकसित होकर अब ईमानदार अधिकारियों के लिए एक सुरक्षित प्रणाली में परिवर्तित हो चुकी है।
आरडीएसओ सतर्कता संगठन द्वारा 18 अगस्त 2025 से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत स्कूलों में विद्यार्थियों को ईमानदारी एवं पारदर्शिता की भावना विकसित करने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। इन अभियानों के तहत वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। आज के कार्यक्रम में इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
![]()












