बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। ग्राम पंचायत जमशीला की प्रधान कलावती देवी ने रविवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सोनभद्र को पत्र लिखकर निर्वाचन सूची में कई गंभीर गड़बड़ियों की शिकायत की है और तत्काल सुधार की मांग की है।
प्रधान ने अपने पत्र में कहा कि 2025 की मतदाता सूची में कई त्रुटियाँ पाई गई हैं, जिनसे ग्रामीणों के मतदान अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि कई परिवारों के सदस्यों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। कुछ के घर के पते गलत दर्ज किए गए हैं। मृत व्यक्तियों के नाम अब भी सूची में शामिल हैं। वहीं कई ऐसे नागरिक, जो लंबे समय से ग्राम सभा में निवासरत हैं, उनके नाम सूची में नहीं हैं। कुछ व्यक्तियों के नाम 20 वर्ष पूर्व ग्राम सभा छोड़ने के बावजूद सूची में बने हुए हैं।
कलावती देवी ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार “डोर-टू-डोर सर्वे” के तहत मतदाता सूची का अद्यतन सही तरीके से नहीं किया गया है। कई घर ऐसे हैं जहाँ तक निर्वाचन कर्मी आज तक नहीं पहुँचे।
प्रधान ने जिला निर्वाचन अधिकारी से सूची की जांच कर सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है ताकि आगामी चुनावों में किसी भी पात्र मतदाता को मतदान से वंचित न होना पड़े।
![]()











