दिल्ली में ब्लास्ट के बाद जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज है. इस बीच डॉ शाहीन शाहिद के भाई डॉक्टर परवेज अंसारी को यूपी एटीएस ने हिरासत में लिया है. डॉ परवेज अंसारी ने इंटीग्रल यूनिवर्सिटी से 1 हफ्ते पहले रिजाइन किया था. मंगलवार (11 नवंबर) को जम्मू कश्मीर पुलिस और यूपी एटीएस ने डॉक्टर परवेज के ठिकानों पर छापेमारी की थी. मंडियाव में डॉक्टर परवेज़ अंसारी के घर से सैमसंग का एक लैपटॉप , एक मोबाईल और काले बैग में रखे कुछ दस्तावेज बरामद हुए थे.
डॉक्टर शाहीन शाहिद को पहले ही गिरफ्तार
दिल्ली में विस्फोट के एक दिन बाद मंगलवार को पूरे उत्तर प्रदेश में सुरक्षा चौकसी और सघन निरीक्षण बढ़ा दिया गया. इस विस्फोट में कम से कम 12 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए. आतंकवाद-रोधी एजेंसियों और पुलिस दलों ने लखनऊ सहित कई शहरों में तलाशी अभियान चलाया. राजधानी लखनऊ में आतंकवाद-रोधी दस्ते (एटीएस), लखनऊ पुलिस और अन्य केंद्रीय एजेंसियों की एक संयुक्त टीम ने दिल्ली विस्फोट मामले में पहले गिरफ्तार की गई डॉक्टर शाहीन शाहिद के मुत्तकीपुर स्थित आवास पर गहन तलाशी अभियान चलाया.
शाहीन के पिता ने क्या कहा?
शाहीन के पिता सैयद अहमद अंसारी ने बताया कि वह दिल्ली धमाके के मामले में अपनी बेटी की कथित संलिप्तता के बारे में सुनकर हैरान हैं. उन्होंने कहा, ”मेरे तीन बच्चे हैं. मेरा सबसे बड़ा बेटा मोहम्मद शोएब यहां मेरे साथ रहता है. मेरी बेटी शाहीन शाहिद और मेरा सबसे छोटा बेटा परवेज अंसारी है. मैंने शाहीन से आखिरी बार लगभग एक महीने पहले बात की थी. मैंने उसे कभी भी डॉक्टर मुजम्मिल या ऐसी गतिविधियों से जुड़े किसी भी व्यक्ति का जिक्र करते नहीं सुना.”
शाहीन के डॉक्टर मुजम्मिल से संबंध होने की आशंका
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शाहीन के डॉक्टर मुजम्मिल से संबंध होने की आशंका है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुजम्मिल के पास से पहले फरीदाबाद में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया था. पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुजम्मिल जम्मू-कश्मीर में प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद का कथित रूप से समर्थन करने वाले एक सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े एक अलग मामले में वांछित था.
उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
इस बीच, दिल्ली विस्फोट के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस ने भीड़-भाड़ वाले बाजारों, मेट्रो स्टेशन, शॉपिंग मॉल, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर तलाशी अभियान चलाया. संवेदनशील स्थानों पर बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्तों को भी तैनात किया गया है.
अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ के अलावा, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन, गोरखपुर, कानपुर, सहारनपुर और अलीगढ़ जैसे प्रमुख स्थानों सहित पूरे राज्य में सुरक्षा चौकसी बढ़ा दी गयी है. पुलिस के अनुसार, दिल्ली विस्फोट में मारे गए 12 लोगों में से दो की पहचान अमरोहा निवासी अशोक कुमार (45), शामली जिले के नौमान अंसारी (18) और उत्तर प्रदेश के दो अन्य लोगों के रूप में हुई है.










