लखनऊ/एबीएन न्यूज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को तमिलनाडु में होने वाले एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 की प्रतिष्ठित ट्रॉफी का लखनऊ में भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह क्षण न केवल उनके लिए बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव और उत्साह का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “उत्तर प्रदेश में इस ट्रॉफी का आगमन राज्य के स्वर्णिम इतिहास की याद दिलाता है। हॉकी में उत्तर प्रदेश का योगदान अविस्मरणीय है।” उन्होंने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को नमन करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने तीन ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। उन्होंने बताया कि मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इस वर्ष से पहला सत्र प्रारंभ हो गया है।
सीएम योगी ने केडी सिंह बाबू का भी उल्लेख किया और कहा कि बाराबंकी में उनके आवास को संग्रहालय में परिवर्तित किया जा रहा है ताकि नई पीढ़ी उनके योगदान से प्रेरणा ले सके। उन्होंने प्रदेश के उन खिलाड़ियों को भी याद किया जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया — जिनमें मोहम्मद शाहिद, अशोक कुमार, रवींद्र पाल, सैयद अली, सुजीत कुमार, अब्दुल अजीज, रजनीश मिश्र, देवेश चौहान, एमपी सिंह, ललित उपाध्याय, दानिश मुतजबा सहित कई नाम शामिल हैं।
योगी ने कहा कि वर्तमान में भी राजकुमार पाल, उत्तम सिंह, विष्णुकांत सिंह, मुमताज, साक्षी, ज्योति, पूर्णिमा जैसे खिलाड़ी सीनियर और जूनियर भारतीय टीमों में शामिल होकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं और भारतीय टीम की विजय की कामना की।
कार्यक्रम में खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, सचिव सुहास एल.वाई.वी., निदेशक डॉ. आर.पी. सिंह, हॉकी इंडिया महासचिव भोलानाथ सिंह, डीजी हॉकी इंडिया कमांडर आर.के. श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश हॉकी महासचिव रजनीश कुमार मिश्रा और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ललित उपाध्याय सहित कई अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 का आयोजन 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में होगा। इस बार टूर्नामेंट में 24 टीमें हिस्सा लेंगी। मेजबान भारत, जिसने 2001 और 2016 में खिताब जीता था, तीसरी बार ट्रॉफी अपने नाम करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा।
![]()












