Edema & Health Risk: शरीर को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है कि आपकी दिनचर्या और खान-पान बिल्कुल ठीक-ठाक हो। लाइफस्टाइल की गड़बड़ी के कारण कई प्रकार की क्रॉनिक बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है जिसको लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को अलर्ट करते हैं। जब बात संपूर्ण स्वास्थ्य को ठीक रखने की आती है तो इसकी शुरुआत कम उम्र से ही की जानी चाहिए। हाल के आंकड़े बताते हैं कि कुछ दशकों पहले तक जो बीमारियां बुजुर्गों में हुआ करती थीं, वह अब कम उम्र के लोगों को भी अपना शिकार बना रही हैं।
डॉक्टर कहते हैं, सबसे बड़ी चिंता की बात है बीमारियों का समय रहते पहचान न हो पाना, जिसके कारण स्थिति गंभीर हो जाती है। शरीर खुद ही अंदर हो रही गड़बड़ियों का संकेत देता है। जब कहीं भी हल्की-सी दिक्कत होती है, तो उसका असर दूसरे अंगों पर भी दिखाई देने लगता है।
पैरों में सूजन भी ऐसा ही एक संकेत है, जिसे कई लोग थकान या ज्यादा चल लेने की वजह समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन मेडिकल एक्सपर्ट्स बताते हैं कि कुछ स्थितियों में ये अंदर छिपी गंभीर परेशानियों यहां तक कि हृदय रोगों का भी संकेत हो सकती है, जिसपर समय रहते गंभीरता से ध्यान देना जरूरी हो जाता है।











