बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद अब नई सरकार बनाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं. रविवार (16 नवंबर) को बैठकों का दौर जारी रहा. निर्वाचन आयोग की तरफ से राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को सभी 243 विधायकों की लिस्ट सौंप दी गई. वहीं अब सोमवार (17 नवंबर) को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कैबिनेट की बैठक बुलाई है.
सीएम नीतीश कुमार ने सोमवार सुबह 11:30 बजे कैबिनेट बैठक बुलाई है, जिसमें मंत्रिमंडल भंग करने के फैसले पर मुहर लगेगी. वहीं कैबिनेट की मीटिंग के तुरंत बाद नीतीश कुमार राजभवन जाएंगे और राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे. इसके बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी.
गांधी मैदान आम लोगों के लिए बंद
वहीं इससे पहले 17 नवंबर से 20 नवंबर तक चार दिन गांधी मैदान, पटना बंद रहेगा. इस दौरान आम लोगों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. गांधी मैदान को शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयार किया जाएगा.
शपथ ग्रहण समारोह की तारीख आई सामने
सूत्रों के मुताबिक बिहार में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 19 या 20 नवंबर को हो सकता है. ये समारोह गांधी मैदान में होगा, जिसमें पीएम मोदी और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं.










