बदायूं के थाना उसहैत क्षेत्र के एक हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने स्कूल में पढ़ने वाले गैर समुदाय के छात्रों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि जब वह धूप में बैठने कक्ष से बाहर चली जाती थीं तो वह छात्र उनकी पानी की बोतल में पेशाब मिला देते थे। शनिवार को उन्होंने देख लिया तो स्कूल प्रशासन से लेकर प्रधानाचार्य से शिकायत की। साथ ही परिजनों को सूचना दे दी। अभिभावक स्कूल पहुंच गए। प्रधानाचार्य से मामले की जानकारी ली। इसपर उन्होंने छह बच्चों के नाम काटने की कार्रवाई की बात कही। वहीं, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल व करणी सेना से जुड़े लोगों ने भी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा व प्रदर्शन किया। एसएसपी ने भी मामले में पुलिस के स्तर से जांच कराने की बात कही है।
मामला सामने आने के बाद छात्राओं के परिवार के लोग थाने पहुंचे। पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने स्कूल पहुंचकर मामले की जांच की। प्रधानाचार्य ने छह छात्रों की टीसी काटकर पुलिस को दे दी। साथ ही उन छात्रों को स्कूल से भी निकाल दिया गया। सूचना पर कई हिंदू संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंच और पुलिस से कठोर कार्रवाई की मांग की। उसहैत इंस्पेक्टर अजय पाल सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। जो भी साक्ष्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- UP News: बदायूं में आठ साल के बच्चे की हत्या, घर के पास पड़ा मिला शव; सात दिन से लापता था मासूम
शौचालय की दीवार पर भी लिखते थे अशोभनीय शब्द
छात्राओं व अभिभावकों का आरोप है कि छात्र शौचालय की दीवारों पर अशोभनीय शब्द भी लिखते थे। इसकी कई बार शिकायत भी स्कूल प्रशासन से की गई। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। यही वजह रही कि छात्रों के हौसले इतने बढ़ गए कि इतनी बढ़ी हरकत करने की हिम्मत कर बैठे।