सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बी.एन.सिंह ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का कार्य पूरे जनपद में तीव्र गति से चल रहा है।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि इस महत्वपूर्ण पुनरीक्षण कार्यक्रम में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी जनपद से बाहर नहीं जाएंगे। सभी को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में रहकर बीएलओ द्वारा संकलित गणना प्रपत्रों को एकत्र करने तथा डिजिटाइजेशन के कार्य में सक्रिय सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सोनभद्र में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की गति अपेक्षा से कम है, जिसे तेजी से सुधारने की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी प्रक्रियाएँ पूर्ण करना अनिवार्य है, ताकि निर्वाचक नामावली समय पर अद्यतन होकर प्रकाशित की जा सके।
पुनरीक्षण कार्य की तात्कालिकता को देखते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि 23 नवम्बर 2025 (रविवार), 25 नवम्बर 2025 (मंगलवार — गुरु तेग बहादुर जयंती) को सार्वजनिक अवकाश होने के बावजूद विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान से जुड़े विद्यालय, कॉलेज और कार्यालय खुले रहेंगे। इन तिथियों पर भी अधिकारी-कर्मचारी अपने निर्धारित कार्यों का निष्पादन अनिवार्य रूप से करेंगे।
निर्देशों के अनुसार पुनरीक्षण कार्यक्रम की अवधि के दौरान 7 फरवरी 2026 तक कोई भी अधिकारी/कर्मचारी जनपद नहीं छोड़ सकता। यदि कोई परिस्थिति अपरिहार्य हो, तो पहले जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। जिलाधिकारी ने पुनरीक्षण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी को समयबद्ध, पारदर्शी और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
![]()











