दिल्ली के इंडिया गेट पर प्रदूषण पर प्रदर्शन में हुए हंगामे पर पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। दिल्ली पुलिस ने दो थानों में एफआईआर दर्ज की है और 22 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। कर्तव्यपथ थाने में छह मेल प्रोटेस्टर्स को गिरफ्तार किया है तो वहीं दूसरी एफआईआर संसद मार्ग थाने में दर्ज की गई है। जिसमें 17 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है।
ताजा अपडेट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने कर्तव्यपथ थाने में दर्ज की गई एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत छह पुरुष प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर बीएनएस की धारा 74, 79, 105(2), 132, 221, 223, और 6(2) के तहत आरोप लगाए गए हैं। इन धाराओं में सार्वजनिक शांति भंग करने, सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने और अन्य संबंधित अपराधों का उल्लेख है।
संसद मार्ग थाने में दूसरी एफआईआर और गिरफ्तारियां
वहीं, एक अन्य एफआईआर संसद मार्ग थाने में दर्ज की गई है। इस एफआईआर के तहत 17 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर बीएनएस की धारा 223A, 132, 221, 121 A, 126 (2), और 3 (5) के तहत आरोप लगाए गए हैं। इन धाराओं में भी सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या अन्य गंभीर अपराधों का प्रावधान हो सकता है।
पटियाला हाउस कोर्ट की बढ़ाई गई सुरक्षा
प्रदूषण को लेकर हाल ही में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की संभावित पेशी से पहले दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।












