सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बी.एन. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया जनपद में तेज गति से संचालित है। इसके तहत 4 नवंबर 2025 से 4 दिसंबर 2025 तक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करने, उन्हें एकत्र करने और उनके डिजिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है।
निर्देशानुसार बीएलओ मतदाताओं को गणना प्रपत्र की दो प्रतियां उपलब्ध करा रहे हैं। प्रपत्र भरने के बाद उन्हें बीएलओ द्वारा एकत्र किया जा रहा है और उसकी डिजिटल प्रविष्टि की जा रही है। डीएम ने स्पष्ट किया कि गणना प्रपत्र के साथ किसी भी प्रकार का दस्तावेज़ लगाने की आवश्यकता नहीं है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि कोई मतदाता अपना भरा हुआ गणना प्रपत्र बीएलओ को उपलब्ध नहीं कराता है, तो उसका नाम 9 दिसंबर 2025 को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची जितनी अधिक त्रुटिरहित होगी, आगामी चुनाव उतने ही निष्पक्ष, स्वतंत्र और भयमुक्त तरीके से कराए जा सकेंगे।

श्री सिंह ने जनपद के सभी सम्मानित नागरिकों, बुद्धिजीवियों और मतदाताओं से अपील की है कि समय रहते अपने गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को सौंप दें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।
![]()












