लखनऊ/एबीएन न्यूज़। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में 26 नवंबर 2025 को संविधान दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। भारतीय संविधान के प्रति अपनी आस्था, सम्मान और प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने के उद्देश्य से मंडल भर में विशेष आयोजन किए गए। मुख्य कार्यक्रम लखनऊ स्थित मंडलीय कार्यालय में आयोजित हुआ, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों और रेलकर्मियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा की उपस्थिति में हुई। उन्होंने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की अखंडता और एकता को सुदृढ़ बनाने में संविधान की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इसके उपरांत उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया, जिसका अभिप्राय लोकतांत्रिक भारत के संविधान को अधिनियमित और आत्मार्पित करना है।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने भारतीय संविधान की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह हमारे देश की संप्रभुता, समरसता और सशक्त लोकतंत्र का आधार स्तंभ है। उन्होंने कहा कि अनेक भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं के बावजूद भारत को एकसूत्र में पिरोने का कार्य हमारा संविधान अत्यंत कुशलता से करता है। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान न केवल शासन प्रणाली का मार्गदर्शक है, बल्कि यह स्वतंत्र भारत के प्रत्येक नागरिक की गरिमा और गौरव का प्रतीक भी है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के शाखााध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने संविधान के मूल्यों को दैनिक जीवन और कार्य-व्यवहार में अपनाने का संकल्प दोहराया।
![]()












