अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी की बड़ी घटना सामने आई, जिसमें दो नेशनल गार्ड सैनिकों को गोली मार दी गई। वेस्ट वर्जीनिया के गवर्नर पैट्रिक मॉरिसी ने पुष्टि की कि दोनों सैनिकों की मौत हो गई है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है। गवर्नर ने बताया कि वे लगातार संघीय एजेंसियों से संपर्क में हैं और मामले की जांच जारी है।
यह घटना 17वीं स्ट्रीट और एच स्ट्रीट के पास हुई, जो व्हाइट हाउस से सिर्फ दो ब्लॉक दूर है। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल, फायर विभाग और आपातकालीन टीमें पहुंचीं। यूएस सीक्रेट सर्विस, ATF एजेंसी और नेशनल गार्ड के जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर दी। एक हेलीकॉप्टर ने भी नेशनल मॉल पर लैंड किया।
ये भी पढ़ें:- US: ट्रंप ने की अगले साल G20 समिट से दक्षिण अफ्रीका को बाहर करने की घोषणा, सभी भुगतान-सब्सिडी रोकने का भी एलान
हमलावर को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी- ट्रंप
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि जिस व्यक्ति ने दो नेशनल गार्ड सैनिकों को गोली मारी, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है, वह हमलावर भी बुरी तरह घायल है। ट्रंप ने कहा कि चाहे जो भी हो, उसे इसकी भारी कीमत चुकानी होगी। उन्होंने लिखा ईश्वर हमारे महान नेशनल गार्ड, पूरी सेना और कानून-व्यवस्था से जुड़े सभी लोगों का भला करे। ये वास्तव में महान लोग हैं। मैं, संयुक्त राज्य अमेरिका का राष्ट्रपति होने के नाते और राष्ट्रपति पद से जुड़े सभी लोग आपके साथ खड़े हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप शहर में मौजूद नहीं थे
घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वेस्ट पाम बीच स्थित अपने गोल्फ कोर्स पर थे। व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलाइन लेविट ने बताया व्हाइट हाउस इस दुखद घटना पर नजर रखे हुए है। राष्ट्रपति को ब्रीफ किया गया है।
ये भी पढ़ें:- Hong Kong Fire: हांगकांग अग्निकांड में अब तक 36 मौतें, 279 लोग लापता; सात बहुमंजिला इमारतों में लगी है भीषण आग
बता दें कि राजधानी में बीते महीनों से हजारों नेशनल गार्ड सदस्य तैनात हैं। अगस्त में राष्ट्रपति की आपातकालीन घोषणा के बाद स्थानीय पुलिस को संघीय नियंत्रण में लाया गया था और आठ राज्यों से नेशनल गार्ड सैनिक बुलाए गए थे। घटना की जांच जारी है और अधिकारियों ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।
![]()












