लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में आज मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकारी कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक उपयोग और राजभाषा नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर मंडल राजभाषा की त्रैमासिक पत्रिका ‘प्रगति’ का औपचारिक अनावरण भी किया गया।
बैठक की शुरुआत में अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) श्री भुवनेश सिंह ने सभी शाखाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि निरीक्षण के दौरान राजभाषा संबंधी पैराग्राफ अवश्य शामिल किए जाएँ। उन्होंने स्टेशनों पर स्थापित हिंदी पुस्तकालयों के नियमित निरीक्षण पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि लखनऊ मंडल में अधिकांश कार्य हिंदी या द्विभाषी रूप में किए जा रहे हैं, जो संवैधानिक दायित्वों के अनुरूप है। “सरकारी कार्य में हिंदी का प्रयोग मात्र औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी है,”
बैठक में मंडल के विभिन्न कार्यालयों और स्टेशनों पर हिंदी प्रयोग की स्थिति का विभागवार मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने कार्य क्षेत्रों में राजभाषा के अनुपालन की स्थिति, उपलब्धियों और चुनौतियों पर रिपोर्ट प्रस्तुत की।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने कहा कि लखनऊ मंडल राजभाषा के प्रयोग-प्रसार में लगातार प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यों में हिंदी का उपयोग उनकी प्राथमिकता है और इसे और मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिया कि— स्टेशनों और फील्ड यूनिटों पर हिंदी में कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाए। अधिकारियों को चाहिए कि वे अपने विभागों के इच्छुक कर्मचारियों को आयोजित होने वाली विभिन्न राजभाषा प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।

बैठक के दौरान वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/ईएनएचएम श्री महेंद्र सिंह द्वारा पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग विभाग के कार्यों से जुड़े विषय पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया गया।
राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का संचालन जनसंपर्क अधिकारी एवं राजभाषा अधिकारी श्री महेश गुप्ता ने किया। उन्होंने रेलवे बोर्ड की मानक कार्यसूची के अनुसार विभागवार रिपोर्ट भी प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का समापन अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन श्रीमती नीतू द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किए जाने के साथ हुआ। बैठक में मंडल के सभी शाखाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
![]()











