12:04 PM, 04-Dec-2025
हमारे पास कोई राष्ट्रीय एयरलाइन नहीं: पी संतोष कुमार
भाकपा सांसद पी संतोष कुमार ने कहा, इंडिया इस क्षेत्र (विमानन) में सबसे बड़ी कंपनी है। लेकिन साथ ही गलतफहमी, देरी और उड़ान रद्द होने की सैकड़ों शिकायतें भी हैं। साथ ही हमारे पास कोई राष्ट्रीय एयरलाइन नहीं है। इसलिए, हमें इन निजी कंपनियों पर निर्भर रहना होगा। मुझे लगता है कि इंडिगो अपने बुनियादी ढांचे और स्थिति को सुधार सकती है। केंद्रीय मंत्रालय को इस पर ध्यान देना चाहिए। हमारे पास और कोई विकल्प नहीं बचा है।
11:56 AM, 04-Dec-2025
साल दर साल बदतर हो रहे हालात: वायु प्रदूषण के मुद्दे पर प्रियंका गांधी
पीएम नरेंद्र मोदी के मौसम का मजा लेने वाले बयान पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने पलटवार किया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में वायु प्रदूषण के मुद्दे पर कहा, किस मौसम का मजा लें? बाहर का हाल देखिए। जैसा सोनिया जी ने कहा, बच्चे सांस नहीं ले पा रहे हैं। उन्हें अस्थमा है और उनके जैसे बुज़ुर्गों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। साल दर साल हालात बदतर होते जा रहे हैं। हर साल केवल बयानबाजी होती है, कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। हम सभी ने कहा है कि सरकार को कार्रवाई करनी होगी और हम सब उनके साथ खड़े हैं। ये कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है कि हम एक-दूसरे पर उंगली उठाएं।
11:52 AM, 04-Dec-2025
रुपये की कीमत घट रही, देश की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं: खरगे
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरती कीमत पर कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, मैंने कहा है कि रुपये की कीमत घट रही है। इसका मतलब है कि इस देश की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। वे हमेशा कहते हैं कि हम विकास कर रहे हैं और आर्थिक स्थिति अच्छी है। लेकिन जब रुपया गिरता है, तो यह दर्शाता है कि आपकी आर्थिक स्थिति क्या है। खरगे संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
10:22 AM, 04-Dec-2025
Parliament: संसद के शीतकालीन सत्र का आज चौथा दिन, दिल्ली वायु प्रदूषण को लेकर प्रदर्शन करेंगे विपक्षी सांसद
संसद का शीतकालीन सत्र गुरुवार को चौथे दिन में प्रवेश कर गया है। आज विपक्षी सांसद दिल्ली में वायु प्रदूष्ण के मुद्दे पर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन करेंगे। आज सुबह दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में थी और वाय गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 299 दर्ज किया गया। तीन सांसदों मणिकम टैगोर, मनीष तिवारी और विजय कुमार ने लोकसभा में स्थगन नोटिस दिए हैं, ताकि दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में बढ़ते वायु प्रदूषण पर चर्चा की जा सके।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में स्वास्थ्य सुरक्षा से राष्ट्रीय सुरक्षा उपकर विधेयक, 2025 को पेश करेंगी, ताकि इस पर विचार किया जा सके और चर्चा हो सके। इस विधेयक का मकसद राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य पर खर्च बढ़ाने के लिए संसाधन जुटाना और मशीनों और अन्य प्रक्रियाओं पर उपकर (सेस) लगाने के साथ संबंधित मामलों को संभालना है। शीतकालीन सत्र सोमवार को शुरू हुआ था और 19 दिसंबर को समाप्त होगा।












